जिस 5764 करोड़ रुपये से बने केजीपी ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस वे का पीएम नरेंद्र मोदी ने 13 दिन पहले उद्घाटन किया था, उस केजीपी में दरार आ गई है। पहली बारिश ज्यादा नहीं होने के बावजूद पबसरा गांव में टोल प्लाजा के पास केजीपी के बराबर से मिट्टी खिसकने लगी और उससे केजीपी में दरार आ गई। वहां केवल केजीपी में दरार ही नहीं आई है, बल्कि एनएचएआई की देश की पहली डिजिटल आर्ट गैलरी भी तालाब बन गई। गैलरी में दो फुट तक पानी भरने से उपकरण खराब हो गए। एनएचएआई के अफसरों ने इसके लिए 20 मीटर जमीन नहीं मिलने को कारण माना है, जिससे जल निकासी के लिए नाला नहीं बन सका है।
पीएम मोदी के उद्घाटन के 13 दिन बाद इस्टर्न पैरिफेरल एक्सप्रेस-वे में दरार, डिजिटल गैलरी बनी तालाब
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
केजीपी का 27 मई को पीएम नरेंद्र मोदी ने उद्घाटन किया था। आर्ट गैलरी को केजीपी पर टोल प्लाजा के नीचे बनाया गया है और वह नीचे होने के कारण ही उसमें दो फुट तक पानी भर गया। जिससे आर्ट गैलरी के डिजिटल कैमरों समेत अन्य कुछ उपकरण खराब हो गए, लेकिन एनएचएआई के अधिकारी अभी यह नहीं देख सके है कि कितने उपकरण खराब हुए हैं और उससे कितना नुकसान हुआ है। वहां पानी भरने से आर्ट गैलरी बंद हो गई और आर्ट गैलरी की दीवारों तक में दरार आ गई। इनके अलावा कई जगहों से गैलरी की टाइल्स भी उखड़ गईं।
20 मीटर जमीन नहीं दिला रही सरकार
एनएचएआई के परियोजना निदेशक आशीष कुमार जैन कहते हैं कि जिस तरह से जल्दी में केजीपी का उद्घाटन किया गया है। ऐसे में सड़क का कई जगह से अस्थायी रूप से सामान्य सीमेंट से निर्माण कर दिया गया था। जिस जगह दरार आई है, वह उसी तरह अस्थायी हिस्सा है। उसके बारे में जानकारी मिल चुकी है और इसकी स्थायी व्यवस्था की जा रही है।
वहीं गैलरी में पानी भरने की समस्या को लेकर परियोजना निदेशक ने बताया कि काफी समय से एनएचएआई की ओर से 20 मीटर जमीन की मांग केजीपी के बराबर में की जा रही है। क्योंकि वहां पानी की निकासी के लिए नाला बनाना जरूरी है, जिससे निकासी की व्यवस्था की जा सके। लेकिन यह जमीन अभी तक नहीं मिली है और इस कारण ही यह समस्या आ रही है।
नायब तहसीलदार हवा सिंह पूनिया ने बताया कि, बारिश के कारण डिजिटल आर्ट गैलरी में दो फुट तक पानी भर गया था, जिसे निकलवा दिया गया है। इसकी वजह से गैलरी की दीवारों में दरार आई है और टाइल भी उखड़ गई हैं। इसके अलावा कुछ उपकरण भी खराब हुए हैं। यहां से फिलहाल पानी निकलवा दिया गया है और इसमें आगे की कार्रवाई की जा रही है।