विवादों की क्वीन राखी सावंत के खिलाफ अब एक बड़ी कार्रवाई करने की तैयारी चल रही है। अबकी बार वे बच नहीं पाएंगी और साख भी दांव पर लगेगी।
दरअसल, महर्षि वाल्मीकि के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने के बाद राखी सावंत की शिकायत करने वाले एडवोकेट नरेंद्र आदिया ने बड़ा खुलासा किया है। उनका कहना है कि अगर इस बार राखी सावंत अदालत में पेश नहीं हुई तो वे उन्हें भगौड़ा घोषित करने की मांग करेंगे। वे अदालत से कहेंगे कि वह उन्हें भगौड़ा साबित करने की प्रक्रिया शुरू करे।
बता दें कि गिरफ्तारी की तलवार लटकने के बाद बॉलीवुड की इस एक्ट्रेस ने खुद के बचाव में कदम उठाने शुरु कर दिए हैं। शनिवार को अभिनेत्री राखी सावंत के चचेरे भाई राहुल और वकील कोर्ट कांप्लेक्स पहुंचे। माना जा रहा है कि राखी के वकील अदालत में अग्रिम जमानत के लिए याचिका दायर करेंगे, लेकिन अभी उन्होंने अपने पत्ते नहीं खोले हैं।
बातचीत में राहुल ने कहा कि राखी सावंत द्वारा पहले ही इस मामले में माफी मांगी जा चुकी है। उसका उद्देश्य किसी समुदाय या व्यक्ति की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का नहीं था। उन्होंने भी शुक्रवार को राखी सावंत की तरफ से दोबारा माफी मांगी। वहीं दिल्ली से आए वकीलों की टीम ने इस केस से जुड़े दस्तावेजों का अध्ययन शुरू कर दिया है, ताकि आगे की रणनीति बनाई जा सके।
पता चला है कि राखी ने खुद के बचाव के लिए 8 वकीलों की फौज खड़ी कर ली है। हाल ही में मामले में फंसी राखी सावंत ने कहा था कि वह भगवान वाल्मीकि का वह पूरा सम्मान करती हैं। उनके खिलाफ अपशब्द बोलने का मतलब ही नहीं। उन्होंने वाल्मीकि समुदाय से बिना शर्त माफी मांग ली है। वैसे भी यह केस मुझे परेशान करने के लिए किया गया है।