विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकेश सहनी ने बक्सर में राज्य और केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला। मंगलवार को बक्सर सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत के दौरान मुकेश सहनी ने यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा दिए गए ‘बंटोगे तो कटोगे’ नारे पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने इस नारे को विभाजनकारी राजनीति का हिस्सा करार देते हुए कहा कि धर्म के नाम पर लोगों को लड़ाया जा रहा है, जबकि असली मुद्दा विकास होना चाहिए।
2 of 4
वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी
- फोटो : अमर उजाला
मुकेश सहनी ने कहा कि यह नारा पूरी तरह से देश में धर्म के नाम पर नफरत फैलाने का काम कर रहा है। हमें समाज में विकास की बात करनी चाहिए, क्योंकि आज भी समाज के कई वर्ग विकास से वंचित हैं। बक्सर में आयोजित निषाद आरक्षण संकल्प यात्रा 3.0 के दौरान वीआईपी सुप्रीमो ने कार्यकर्ताओं से भी अपील की कि इस यात्रा के माध्यम से जनता को जागरूक किया जा रहा है कि ‘सरकार बनाओ, अधिकार पाओ’। सहनी ने कार्यकर्ताओं से इस संकल्प यात्रा में भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह यात्रा निषाद समाज के हक और आरक्षण की लड़ाई का हिस्सा है।
3 of 4
बक्सर में मुकेश सहनी का स्वागत करते कार्यकर्ता
- फोटो : अमर उजाला
‘निषाद समाज को आरक्षण मिलना चाहिए’
मुकेश सहनी ने कहा कि संविधान सबके लिए समान है, लेकिन बिहार और उत्तर प्रदेश में निषाद समाज को आरक्षण नहीं मिलना संविधान की मूल भावना के खिलाफ है। उन्होंने यह सवाल भी उठाया कि अगर दिल्ली और बंगाल में आरक्षण संभव है तो बिहार और यूपी में क्यों नहीं? उन्होंने कहा कि राजनीति धर्म के बजाय विकास पर होनी चाहिए। तभी हम गरीब, दलित और पिछड़े वर्गों का उत्थान कर सकते हैं।
4 of 4
पीएम नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह
- फोटो : एएनआई
2025 में महागठबंधन की सरकार का दावा
सहनी ने 2025 के विधानसभा चुनावों में महागठबंधन की सरकार बनने का दावा किया। उन्होंने कहा कि निषाद समाज को आरक्षण दिलाने के लिए महागठबंधन के एजेंडे को आगे बढ़ाया जाएगा। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री और गृह मंत्री से अपील की कि देश में नफरत की राजनीति बंद कर विकास की राजनीति शुरू करें।