आज महाशिवरात्रि है। बिहार समेत पूरा देश महादेव की भक्ति में डूबा हुआ है। पटना के खाजपुरा शिव मंदिर, बैकुंठनाथ मंदिर, लखीसराय के अशोकधाम मंदिर, मुजफ्फपुर के गरीबनाथ मंदिर, मधेपुरा के सिहेंश्वर, गया के कोटेश्वर नाथ धाम, सुल्तानगंज के अजगैबीनाथ मंदिर, वैशाली के हरिहरनाथ मंदिर, दरभंगा के कुशेश्वरस्थान, बक्सर के ब्रह्मेश्वर नाथ समेत लगभग सभी शिव मंदिरों में जलाभिषेक के लिए जन सैलाब उमड़ पड़ा है। विभिन्न घाटों से जल लेकर आये श्रद्धालुओं की लंबी कतार सुबह से ही दिखने लगी। पंक्तिबद्ध होकर भक्त हर-हर महादेव का जयकारा लगाते नाचते-गाते हुए मंदिर पहुंच रहे और भोलेनाथ का दर्शन कर रहे हैं। चारों तरफ हर-हर महादेव की गूंज है। इस अवसर पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, ताकि श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के अपने धार्मिक कर्तव्यों का पालन कर सकें। मुख्यमंत्री ने कहा है कि महाशिवरात्रि पर्व में लोग पूरे उत्साह एवं श्रद्धा के साथ भगवान शिव की उपासना करते हैं। इस पर्व की अपनी अलग महत्ता एवं विशिष्टता है। यह पर्व हमारी संस्कृति को और मजबूत बनाता है। मुख्यमंत्री ने लोगों से आह्वान किया कि वे आपसी प्रेम, पारस्परिक सौहार्द्र एवं सामाजिक सद्भाव के साथ महाशिवरात्रि का पर्व मनायें। उन्होंने आशा व्यक्त की है कि यह पर्व समस्त प्रदेशवासियों के लिए सुख, शान्ति और समृद्धि लेकर आयेगा।
Mahashivratri 2025: बिहार के शिवालयों में उमड़ा जनसैलाब, 'हर-हर महादेव' की गूंज; सीएम नीतीश ने यह बातें कहीं
Bihar News: बिहार के शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा है। मंदिरों के बाहर लंबी-लंबी कतारें लगी हुई हैं। सुबह से ही भक्तों की कतारें मंदिरों के बाहर देखने को मिलीं। आज एक ऐसी झांकी भी निकली, जिसकी तस्वीर सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही। इसमें केंद्रीय गृह राज्य मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरीय नेता नित्यानंद राय दिख रहे हैं।
भगवान शंकर के रथ (बैलगाड़ी) के सारथी बने केंद्रीय मंत्री
शिव भक्त भगवान शंकर की बारात में शामिल होने के लिए अलग-अलग तरह की झांकियां निकाल रहे। लेकिन, आज एक ऐसी झांकी निकली, जिसकी तस्वीर सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है। इस तस्वीर में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरीय नेता नित्यानंद राय दिख रहे हैं। वह भी भगवान शंकर के रथ (बैलगाड़ी) के सारथी बने। सैकड़ों झाकियां, लाखों लोगों की भीड़, उड़ते गुलाल बीच शिवजी का गाड़ीवान बने मंत्री जी की बैलगाड़ी यह तस्वीर काफी वायरल हो रही है। बारात में भगवान शिव, मां पार्वती और गणेश के रूप में सजे कलाकारों की झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र है। यह झांकी विभिन्न चौक-चौराहों से होते हुए डाकबंगला तक जाएगी। मंदिर प्रशासन के अनुसार, शिवरात्रि के अवसर पर हर साल यह महोत्सव आयोजित किया जाता है, जिसमें लगभग 1.5 लाख श्रद्धालु हिस्सा लेते हैं।
बाबा गरीबनाथ मंदिर में भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा
बिहार के प्रसिद्ध बाबा गरीबनाथ मंदिर में भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। मंदिर के पट आज सुबह चार बजे खोले गए थे, और इसके बाद से श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है। भक्त "हर हर महादेव" के जयघोष के साथ बाबा के दर्शन और जलाभिषेक के लिए मंदिर पहुंचे। मंदिर में भक्तों के दर्शन और जलाभिषेक के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। सैकड़ों स्वयंसेवक श्रद्धालुओं को जल उपलब्ध कराने और उन्हें कतारबद्ध तरीके से दर्शन करवा रहे हैं। हर वर्ग के भक्त—पुरुष, महिला, बच्चे, और बुजुर्ग समेत हजारों की संख्या में बाबा गरीबनाथ के दर्शन के लिए पहुंचे हैं। बाबा गरीबनाथ मंदिर के प्रधान पुजारी और प्रशासक पंडित विनय पाठक ने बताया, "हमने भक्तों को सुरक्षित और सुविधाजनक तरीके से दर्शन, पूजन और जलाभिषेक कराने के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। मंदिर में जलाभिषेक का सिलसिला सुबह से ही जारी है और यह दोपहर तक जारी रहेगा। इसके लिए 800 से अधिक स्वयंसेवक सक्रिय हैं, जबकि पुलिस बल भी सुरक्षा में तैनात है।"
बाबा भैरवनाथ महादेव मंदिर में उत्साहित दिखे भक्त
मुजफ्फरपुर के सुप्रसिद्ध बाबा भैरवनाथ महादेव मंदिर में उमड़ा आस्था का जन सैलाब अगले सुबह से उमड़ी भीड़ दोपहर तक जारी है। मंदिर में बाबा के दर्शन से लेकर पूजन करने को लेकर के भक्त खूब उत्साह में दिख रहे हैं और बाबा के भक्ति में लीन नजर आए हैं। मंदिर में दर्शन और पूजन करने में किसी भक्त को कोई कठिनाई न हो, इसके लिए सभी व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों के चलते भक्त बिना किसी परेशानी के बाबा के दर्शन और जलाभिषेक कर रहे हैं। मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार बढ़ती जा रही है, और जलाभिषेक का यह क्रम मंदिर के पट बंद होने तक जारी रहेगा। यह आयोजन एक बार फिर बाबा गरीबनाथ की महिमा और भक्तों की अपार श्रद्धा को दर्शाता है।
हरिहरनाथ मंदिर में उमड़ा सैलाब
सोनपुर के प्रसिद्ध हरिहरनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं का अपार जनसैलाब उमड़ पड़ा है। सुबह से ही महिलाएं और पुरुष महादेव की पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे, जहां मंदिर परिसर में भारी भीड़ देखी जा रही है। श्रद्धालु अपनी आस्था के साथ शिवलिंग पर जलाभिषेक कर रहे हैं, और महादेव के दर्शन करने के लिए लंबी कतारों में खड़े हैं। मंदिर प्रशासन और पुलिस प्रशासन दोनों ही सक्रिय रूप से इस भीड़ को नियंत्रित कर रहे हैं। श्रद्धालुओं को व्यवस्थित तरीके से मंदिर में प्रवेश कराया जा रहा है, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। शिवरात्रि के खास मौके पर हरिहरनाथ मंदिर में पूजा का माहौल अत्यधिक भव्य है, और यहां हर साल की तरह इस बार भी महादेव की बारात निकाली जाएगी।