Bihar News: बागमती एक्सप्रेस हादसे के बाद होश आया तो लुट चुके थे हम, शरीर वाले फटे कपड़े बचे; पीड़ितों का दर्द
Bihar News: बागमती एक्सप्रेस हादसे के बाद होश आया तो लुट चुके थे हम, शरीर वाले फटे कपड़े बचे; पीड़ितों का दर्द
Bihar News: Victims of Bagmati Express train accident going from Mysore to Darbhanga shared their pain
यात्रियों ने बयां किया हादसे का दर्द
दुर्घटना के बाद ट्रेन से उतरे कई यात्रियों ने अपने अनुभव साझा किए। रेलयात्री सुनील कुमार ने बताया कि हादसे के वक्त वह सोने की तैयारी कर रहे थे। अचानक एक तेज झटका लगा और वह अपनी सीट से नीचे गिरकर बेहोश हो गए। जब उन्हें होश आया तो उन्होंने देखा कि लोग उन्हें बाहर निकाल रहे थे। उनका सारा सामान हादसे में खो गया, जिसमें पैसे, टिकट और बच्चों के लिए खरीदे गिफ्ट भी शामिल थे। उन्होंने बताया कि अब वह खाली हाथ केवल पहने हुए कपड़ों में घर लौटे हैं।
दरभंगा निवासी मदीना ने कहा कि तेज आवाज सुनते ही बोगी में अफरा-तफरी मच गई। उनकी बोगी पटरी से उतर गई थी, लेकिन शुक्र है कि उन्हें कोई चोट नहीं आई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने मदद की और उन्हें पास के स्टेशन पर पहुंचाया गया। मदीना का सारा सामान मिल गया और वह सुरक्षित अपने घर पहुंचीं।
समस्तीपुर स्टेशन पर यात्रियों की मदद
समस्तीपुर स्टेशन पर डीसीआई दिलीप कुमार के नेतृत्व में रेलवे कर्मियों ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रेन के यात्रियों का स्वागत किया। यात्रियों को चाय और नाश्ता दिया गया। ट्रेन सुबह 4:13 बजे समस्तीपुर पहुंची और 4:25 बजे दरभंगा के लिए रवाना हुई।
वहीं, समस्तीपुर के डीआरएम विनय श्रीवास्तव ने कहा कि हादसे में समस्तीपुर के किसी यात्री को गंभीर चोट नहीं लगी। केवल हल्की चोटें आईं और सभी 350 यात्री सुरक्षित लौट आए। दो यात्रियों को गंभीर चोटें आईं, जिनका इलाज चेन्नई में चल रहा है। उन्होंने जानकारी दी कि 16 अक्तूबर से इस मामले की सीआरएस (कमिश्नर ऑफ रेलवे सेफ्टी) जांच चेन्नई में शुरू होगी।
बागमती एक्सप्रेस और मालगाड़ी की टक्कर
गौरतलब है कि शुक्रवार को यह हादसा उस वक्त हुआ, जब मैसूर से दरभंगा जा रही बागमती सुपरफास्ट एक्सप्रेस कवरापेट्टई रेलवे स्टेशन के पास एक मालगाड़ी से टकरा गई थी। इस टक्कर के बाद ट्रेन के कई डिब्बे पटरी से उतर गए थे, जिससे यात्रियों में दहशत फैल गई थी।