बिहार: आय से अधिक संपत्ति के केस में फंसाने की धमकी, सरकारी इंजीनियर से रंगदारी मांगने वाला गिरफ्तार
बिहार में निगरानी और आर्थिक अपराध इकाई का अधिकारी बनकर सरकारी इंजीनियर से दो लाख रुपये की रंगदारी मांगने वाले शातिर ठग को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में फंसाने और छापेमारी कराने की धमकी दी थी।
विस्तार
निगरानी और आर्थिक अपराध इकाई का अधिकारी बनकर एक सरकारी इंजीनियर को आय से अधिक संपत्ति के मामले में फंसाने की धमकी देकर दो लाख रुपये की रंगदारी मांगने वाले शातिर ठग को आर्थिक अपराध इकाई ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान निहाल कुमार राय के रूप में हुई है। वह मूल रूप से गोपालगंज का रहने वाला है और वर्तमान में पटना के गर्दनीबाग में रह रहा था।
मामला कटिहार के बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता कृपानाथ चंद्र विश्वास से जुड़ा है। आरोपी ने फोन कर खुद को आर्थिक अपराध इकाई और निगरानी विभाग का अधिकारी बताया था। उसने अभियंता को आय से अधिक संपत्ति के मामले में फंसाने और छापेमारी कराने की धमकी देते हुए मामला रफा-दफा करने के लिए दो लाख रुपये मांगे थे।
इसके बाद अभियंता ने आर्थिक अपराध इकाई में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आर्थिक अपराध थाना कांड संख्या 32/26 दर्ज कर तकनीकी अनुसंधान के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी पहले भी कई इंजीनियरों और सरकारी पदाधिकारियों को निगरानी विभाग का भय दिखाकर पैसे वसूल चुका है। उसके मोबाइल से अन्य अधिकारियों को धमकाने से संबंधित चैट, एक वरिष्ठ अधिकारी की नेम प्लेट की तस्वीर और कई अधिकारियों के मोबाइल नंबरों के स्क्रीनशॉट मिले हैं।
ये भी पढ़ें- बिहार: छठ पर गंगा घाटों की सुरक्षा को लेकर अलर्ट, 103 में से 90 घाट सुरक्षित; मुख्यमंत्री ने दिए निर्देश
आरोपी भवन निर्माण निगम में पेटी कांट्रेक्टर बताया जा रहा है। उसके पास से दूसरे व्यक्ति के नाम का आईडी कार्ड भी बरामद हुआ है। फिलहाल उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। आर्थिक अपराध इकाई गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।