January Horoscope 2023: जनवरी महीने में किसका होगा भाग्योदय, किसे मिलेंगे शानदार मौके? पढ़ें मासिक राशिफल
मेष
मेष राशि के जातकों के लिए साल 2023 का पहला महीना जनवरी शुभताा और सौभाग्य लिए है। इस महीने आप अपनी बुद्धि एवं विवेक से अपने सभी कार्य समय पर पूरा करने में कामयाब होंगे। हालांकि मनचाही सफलता पाने के लिए आपको जोश में आकर होश खोने और मौसमी बीमारी से बचना होगा। मेष राशि के जातकों को माह की शुरुआत से स्वजनों का पूरा सहयोग और समर्थन मिलेगा, जिनकी मदद से आप अपनी पारिवारिक एवं निजी समस्याओं को दूर करने में कामयाब होंगे। जनवरी का महीना उनके लिए भी गुडलक लिए है जो अपने लिए रोजी-रोजगार की तलाश में जुटे हुए हैं। मेष राशि के लोगों को माह के अंत तक करिअर या कारोबार को लेकर कोई अच्छा अवसर प्राप्त होगा। यदि आप पार्टनरशिप में कोई व्यवसाय शुरू करने की सोच रहे हैं तो आपकी यह कामना पूरी हो सकती है। वहीं जो लोग पहले से अपना व्यवसाय कर रहे हैं, उनके कारोबार से जुड़ी समस्याएं दूर होंगी। आर्थिक दृष्टि से देखें तो मेष राशि के लिए जनवरी का महीना बेहद शुभ साबित होने जा रहा है। नौकरीपेशा जातकों की आय के अतिरिक्त स्रोत बनेंगे हालांकि सुख-सुविधा से जुड़ी चीजों पर खर्च भी खूब होगा। राजनीति से जुड़े लोगों को मनचाहा पद या जिम्मेदारी मिल सकती है। प्रेम संबंध में थोड़े-बहुत उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकते हैं। ऐसे में अपने लव पार्टनर की भावनाओं की अनदेखी करने से बचें। दांपत्य जीवन सुखमय बनाने के लिए अपने जीवनसाथी के प्रति ईमानदार रहें और अपने व्यस्त लाइफ में से कुछ समय उसके साथ हंसी-खुशी समय बिताने के लिए जरूर निकालें।
उपाय: प्रतिदिन देवी दुर्गा की लाल पुष्प चढ़ाकर पूजा करें और शुक्रवार के दिन कन्याओं को सफेद मिठाई खिलाकर उनका आशीर्वाद प्राप्त करें।
वृष
वृष राशि के जातकों को साल के पहले महीने में कोई भी कदम खूब सोच-समझकर आगे बढ़ाने की जरूरत रहेगी। इस माह घरेलू विवाद आपकी परेशानी का बड़ा कारण बन सकते हैं। माता-पिता से अपेक्षित सहयोग न मिल पाने के कारण मन दु:खी रहेगा। माह के पूर्वार्द्ध में कोई भी निर्णय जल्दबाजी या भावनाओं में बहकर लेने से बचें, अन्यथा बाद में पछताना पड़ सकता है। घर या बाहर किसी विवाद का समाधान खोजने के लिए संवाद का सहारा लें और किसी को अपशब्द कहने से बचें। भूमि-भवन से संबंधित किसी विवाद को बजाय कोर्ट-कचहरी ले जाने के बातचीत से सुलझाने का प्रयास करें। निजी जीवन के साथ नौकरी-व्यवसाय में भी आपको सोच-समझकर कदम आगे बढ़ाने की आवश्यकता रहेगी। यदि आप नौकरी बदलने की सोच रहे हैं जो इस कदम को उठाने से पहले खूब चिंतन-मंथन कर लें। नौकरीपेशा लोगों के लिए माह के पूर्वार्ध के मुकाबले उत्तरार्ध थोड़ा चुनौती भरा रह सकता है। इस दौरान कार्यक्षेत्र में सीनियर और जूनियर से मनचाहा सहयोग न मिल पाने के कारण निराशा होगाी। इस दौरान व्यवसाय से जुड़े लोगों को भी अपने कंपटीटर से कड़ा मुकाबला करना पड़ सकता है। वृष राशि के जातकों को इस दौरान दूसरों पर आंख मूंदकर विश्वास करने से बचना चाहिए। माह के उत्तरार्ध में आपको अपने स्वास्थ्य से जुड़ी किसी भी समस्या की अनदेखी करने से बचना चाहिए, अन्यथा आपको अस्पताल के चक्क्र लगाने पड़ सकते हैं। इस माह आपके प्रेम संबंध में कोई तीसरा व्यक्ति भांजी मारने की कोशिश कर सकता है, हालांकि ऐसी किसी भी समस्या या गलतफहमी को दूर करने में आपकी महिला मित्र काफी मददगार साबित होगी। खट्टी-मीठी तकरार के साथ दांपत्य जीवन सामान्य बना रहेगा।
उपाय: स्फटिक से बने शिवलिंग की प्रतिदिन पूजा एवं शिव चालीसा का पाठ करें।
मिथुन
मिथुन राशि के जातकों के लिए साल का पहला महीना सभी प्रकार से शुभ एवं मनचाहा लाभ प्रदान करने वाला है। माह की शुरुआत से ही आपको सौभाग्य का साथ मिलना प्रारंभ हो जाएगा। जनवरी महीने में आप अपने संबंधों का पूरा लाभ उठाएंगे। नौकरीपेशा लोगों पर कार्यक्षेत्र में सीनियर और जूनियर दोनों ही मेहरबान रहेंगे, जिससे आपके टारगेट समय से पूरे हो जाएंगे। कामकाजी महिलाओं को इस माह कोई विशेष उपलब्धि हासिल होगी, जिससे उनका कार्यक्षेत्र एवं घर-परिवार में मान-सम्मान बढ़ेगा। यदि आप लंबे समय से व्यवसाय के विस्तार की योजना बना रहे थे तो इस माह आपकी यह कामना पूरी हो सकती है। आर्थिक स्थिति की दृष्टि से समय आपके पक्ष में बना हुआ है। इस दौरान आय के अतिरिक्त स्रोत बनेंगे और संचित धन में वृद्धि होगी। हालांकि सट्टा, लाटरी और जोखिम भरे निवेश से बचें। साथ ही साथ धन के लेन-देन के समय विशेष सावधानी बरतें। माह के मध्य में संतान से जुड़ा कोई सुखद समाचार मिल सकता है, जिससे परिवार में खुशियों का माहौल बना रहेगा। इस दौरान किसी प्रभावी व्यक्ति या इष्ट-मित्र की मदद से लंबे समय से अटका काम पूरा होगा। माह के उत्तरार्ध में घर की मरम्मत या सुख-सुविधा के समान के क्रय में अधिक धन खर्च हो सकता है। प्रेम संबंध की दृष्टि से यह माह आपके लिए मिलाजुला रहने वाला है। लव पार्टनर के साथ बेहतर संबंध बनाए रखने के लिए उसकी भावनाओं की कद्र करें। दांपत्य जीवन सुखमय बना रहेगा। जीवनसाथी के साथ सुखद पल बिताने के अवसर प्राप्त होंगे। सेहत भी सामान्य रहेगी। हालांकि माता की सेहत को लेकर मन थोड़ा चिंतित रह सकता है।
उपाय: प्रतिदिन हनुमान जी की पूजा और उनकी चालीसा का सात बार पाठ करें। प्रत्येक मंगलवार को हनुमान जी को सिंदूर का चोला चढ़ाएं।
कर्क
कर्क राशि के जातकों को साल के पहले महीने में सोचे हुए कार्य को पूरा करने के लिए अधिक परिश्रम और प्रयास करना होगा। इस माह आपको न सिर्फ अपने कार्यक्षेत्र में बल्कि घर परिवार के सदस्यों के साथ तालमेल बिठाकर चलना बेहतर रहेगा। माह की शुरुआत में अचानक से आप कामकाज का अतिरिक्त बोझ आ सकता है। कार्यक्षेत्र में सहकर्मियों और सीनियर का मन मुताबिक सहयोग न मिल पाने पर मन थोड़ा व्यथित रहेगा। इस दौरान व्यवसाय में भी आपको कुछेक मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है। बाजार में उतार-चढ़ाव के बीच आपको अपने कंपटीटर से कड़ा मुकाबला करना पड़ सकता है। हालांकि यह व्यवसाय का एक हिस्सा है और यह स्थिति ज्यादा दिन तक नहीं बनी रहेगी और माह के मध्य तक चीजें आपकी आशा के अनुकूल होती नजर आएंगी। माह के उत्तरार्ध में अप्रत्याशित रूप से बाजार में अटका धन आपको प्राप्त हो सकता है। इस दौरान संतान पक्ष से जुड़ी कोई बड़ी चिंता दूर होने पर आप राहत महसूस करेंगे। किसी प्रभावी व्यक्ति की मदद से भविष्य में लाभदायक योजना से जुड़ने का अवसर प्राप्त होगा। प्रेम संबंध की दृष्टि से यह सप्ताह आपके अनुकूल रहने वाला है। जीवन के कठिन समय में आपका लव पार्टनर आपका संबल बनेगा। लव पार्टनर के साथ प्रेम और विश्वास बढ़ेगा। दांपत्य जीवन में जीवनसाथी की सेहत को लेकर थोड़ा मन चिंतित रह सकता है। हालांकि आपको अपनी सेहत को भी सही बनाए रखने के लिए अपनी दिनचर्या और खानपान का ख्याल रखने की जरूरत बनी रहेगी।
उपाय: प्रतिदिन शिवलिंग में जल चढ़ाकर रुद्राष्टकं का पाठ करें।