गाजीपुर: जनसंख्या समाधान यात्रा में शामिल लोगों से मारपीट- तोड़फोड़, सात घायल, वाहन से पास लेने को लेकर घटना
जनसंख्या समाधान यात्रा के काफिले पर गुरुवार सुबह नौ बजे गाजीपुर में अराजकतत्वों ने हमला कर दिया। कई वाहनों के शीशे तोड़ दिए। जनसंख्या समाधान फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल चौधरी सहित छह लोगों को गंभीर चोटें आईं।
विस्तार
घटना से नाराज यात्रा में शामिल पदाधिकारियों ने सुबह साढ़े नौ बजे मौके पर जाम लगाकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस अधीक्षक रामबदन सिंह और और एडीएम ने लोगों को समझा-बुझाकर पांच घंटे बाद जाम समाप्त कराया। फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने 12 अज्ञात और दूसरे पक्ष से घायल व्यक्ति ने फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सहित पांच के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस जांच कर रही है।
जनसंख्या समाधान फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल चौधरी के नेतृत्व में चार दिसंबर को जनसंख्या समाधान यात्रा गाजियाबाद से प्रदेश के 66 जिले के लिए निकली है। यात्रा चंदौली से गाजीपुर मुख्यालय की ओर जा रही थी।
इधर, मेदिनीपुर गांव निवासी अखंड प्रताप सिंह अपने वाहन से गाजीपुर की ओर से जा रहे थे। वह कालूपुर तिराहे के पास जनसंख्या यात्रा में चल रहे वाहन से पास लेने का प्रयास करने लगे।इसी को लेकर कहासुनी के साथ मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि गांव के कुछ युवक वहां पहुंचे तो यात्रा में शामिल लोग उनसे भी भिड़ गए।
देखते ही देखते ग्रामीण आक्रोशित हो गए और यात्रा में शामिल वाहनों में तोड़फोड़ शुरू कर दी। इससे राहगीरों में अफरातफरी मच गई। इस घटना में यात्रा में शामिल पांच वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। जबकि फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल चौधरी, राष्ट्रीय संयोजक ममता सहगल, प्रदेश अध्यक्ष गजेंद्र सिंह नीलकंठ, रविंद्र गुर्जर, पवन तोमर, सरदार योगेंद्र सिंह अरोड़ा और दूसरे पक्ष से अखंड सिंह निवासी मेदिनीपुर घायल हो गए।
यात्रा में शामिल लोगों ने पांच घंटे लगाया जाम
इससे नाराज यात्रा में शामिल लोगों ने कार्रवाई के लिए वाहनों को सड़क पर खड़ा कर सुबह साढ़े नौ बजे जाम लगा दिया। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक रामबदन सिंह, एडीएम, सीओ सीटी ओजस्वी चावला, सुहवल प्रभारी निरीक्षक पवन उपाध्याय, एलआईयू, क्यूआरटी और कई थानों की पुलिस पहुंच गई। काफी समझाने-बुझाने एवं कार्रवाई के आश्वासन के बाद दोपहर करीब 2.30 बजे पांच घंटे बाद धरना समाप्त हुआ। इसके बाद जाम समाप्त हुआ।