Kanpur: हर वार्ड में 10-10 लाख से और होंगे विकास कार्य, 11 करोड़ का एस्टीमेट तैयार...इस माह होंगे टेंडर
Kanpur News: शहर के 110 वार्डों में विकास कार्य होंगे, जिसके लिए पार्षद कोटे से वार्डवार 11 करोड़ का एस्टीमेट तैयार किया गया है। इसके लिए इसी माह टेंडर होंगे और अगले महीने से काम शुरू हो जाएगा।
विस्तार
कानपुर के सभी 110 वार्ड में 10-10 लाख रुपये से और विकास कार्य कराए जाएंगे। नगर निगम ने इसके लिए वार्डवार 11 करोड़ रुपये का एस्टीमेट तैयार किया है। सोमवार को इनकी स्वीकृति की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। इसी माह टेंडर कराकर अगले महीने विकास शुरू कराने की योजना है।
इससे पहले भी 10-10 लाख रुपये से सड़कें, गलियां, नाली, नाला, फुटपाथ आदि का निर्माण हो रहा है। कई वार्ड में काम हो भी चुके हैं। सदन की पिछली बैठक में प्रत्येक वार्ड में पार्षद कोटे से 25-25 रुपये के विकास कार्य कराने का फैसला हुआ था।
इसके मद्देनजर पार्षदों से और विकास कार्य कराने के एस्टीमेट मांगे गए। इस मद में 11 करोड़ रुपये और आरक्षित किए गए। जोनल अभियंत्रण कार्यालयों से प्रत्येक वार्ड में 10-10 लाख रुपये के और काम कराने के लिए प्रस्ताव बनाकर मुख्य अभियंता कार्यालय भेजे गए।
15 से ज्यादा वार्डों में हो चुके हैं 50-50 लाख से ज्यादा के कार्य
मुख्य अभियंता कार्यालय में इन कार्यों को कराने के प्रस्तावों को अंतिम रूप दिया गया। इन कार्यों के लिए बजट सील भी लग गई है अर्थात इनके लिए 11 करोड़ रुपये आरक्षित कर लिए गए हैं। सोमवार को इन्हें स्वीकृत कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। उधर, 15 से ज्यादा वार्डों में 50-50 लाख से ज्यादा के कार्य हो चुके हैं।
पुरवामीर से कटरी को जोड़ेगी 2.40 करोड़ से बनने वाली सड़क
सरसौल ब्लॉक के पुरवामीर से जोशहन खेड़ा गांव तक पीडब्ल्यूडी की ओर से सड़क का निर्माण शुरू किया गया है। सोमवार को इसका शिलान्यास किया गया। इसकी कुल लागत दो करोड़ 40 लाख है। सड़क की लंबाई 3800 मीटर होगी। इसमें चार बड़ी पुलिया भी बनेंगी, जिससे दर्जनों गांव के लोगों को लाभ मिलेगा।
इन हाईवे को जोड़ेगी ये सड़क
यह सड़क डोमनपुर कटरी को हाईवे से भी जोड़ेगी। इस मौके पर विधायक के प्रतिनिधि सुरेंद्र अवस्थी, विनय मिश्रा, रमेश कुशवाहा, अवनेश तिवारी, रानू शुक्ला, अजय प्रताप सिंह, योगेंद्र कुशवाहा, जितेंद्र सिंह, सुशील उत्तम, सचिन द्विवेदी, ज्ञानेंद्र सिंह सहित अनेक लोग मौजूद रहे।