शादी के बाद पीड़िता ने पति को बताया, 'छह साल तक रेप करता रहा सौतेला पिता'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
एक सौतेला पिता किशोरी से छह साल तक दुराचार करता रहा। किशोरी अपनी मां से विरोध जताती तो दुष्कर्म में पति का सहयोग करते हुए उसे पीटकर जान से मारने की धमकी दी जाती। दो बार गर्भपात कराने का भी आरोप है। बालिग होने पर करीब साढ़े तीन माह पूर्व उसकी शादी हुई तो पति से बताने पर यह भांडा फूटा।
महिला थाने में पीडित की तरफ से केस दर्ज कराते हुए बुधवार को बयान दर्ज कराए गए। मुजफ्फरनगर के मंडी थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला के पति की दस साल पहले मौत हो गई थी। जिसके बाद उसने दूसरी शादी कर ली थी। इस दौरान महिला की बेटी की उम्र करीब 13 साल थी। बाद में यह परिवार सहारनपुर शिफ्ट हो गया। पीड़िता का आरोप है कि उसकी मां और सौतेले पिता ने उसकी पढ़ाई छुड़वा दी। यहां तक कि सौतेला पिता उसके साथ गलत काम करने लगा। कई बार विरोध किया तो उसकी पिटायी करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी जाती।
जब उसने अपनी मां से शिकायत की तो मां ने भी उसकी पिटायी करते हुए घर से बाहर निकालने की धमकी दी। आरोप है कि जब उसका सौतेला पिता उसके साथ दुष्कर्म करता था तो मां भी उसका साथ देती थी। शादी से पहले तक सौतेला पिता उसकी इज्जत से खेलता रहा। बाद में इसी साल 19 मई को उसकी शादी लिसाड़ीगेट थाना क्षेत्र में हापुड़ रोड स्थित एक कॉलोनी में कर दी।
कुछ समय बाद पीड़िता के पति को असलियत का पता चला तो उसके भी होश उड़ गये। बाद में पीड़िता अपने पति के साथ महिला थाने पहुंची और आरोपी सौतेले पिता के खिलाफ बलात्कार और मां पर साजिश रचने के आरोप में केस दर्ज करा दिया।
पेट फूला तो कराया इलाज
एसओ के सामने फफक पड़ी
पीड़िता बुधवार को बयान दर्ज कराने पति के साथ महिला थाने पहुंची तो अपनी पीड़ा बताते थानाध्यक्ष बबीता तोमर के सामने फफक पड़ी। बिलखते हुए कहा कि उसके पिता की मौत के बाद मां ने उसकी जिंदगी बर्बाद करा दी। सौतेला पिता उसके दुष्कर्म करता रहा और मां विरोध के बजाय उसका साथ देती रही।
पीड़िता ने बताया वह घटना से अनजान थी। एक बार जब उसका पेटा फूला तो मां और सौतेला पिता उसे डॉक्टर के पास ले गये। बाद में पता चला कि उसका गर्भपात कराया था। डेढ़ साल पहले दूसरी बार भी उसका गर्भपात कराया था। शादी के समय भी उसे धमकी दी कि यदि यह बात बताई तो जान से मार देंगे।
पीड़िता ने अपने सौतेले पिता पर छह साल तक दुष्कर्म करने का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया है। पीड़िता के बयान दर्ज हुए हैं। आरोपी की जांच के बाद गिरफ्तारी होगी।- बबीता तोमर, एसओ महिला थाना