दीवाली से एक माह पहले मजदूर पर बरसी 'लक्ष्मी', खुदाई में मिला करीब 2.5 करोड़ का हीरा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मध्य प्रदेश के पन्ना की धरती को रत्नगर्भा अकारण ही नहीं कहा जाता है। जिला मुख्यालय से करीब 9 किलोमीटर दूर कल्याणपुर गांव में मोतीलाल प्रजापति हीरा विभाग से पट्टा लेकर खदान में खुदाई कर रहे थे। खुदाई करते वक्त मिले पत्थर जैसे टुकड़े को पानी से साफ किया तो पता चला कि वह मामूली पत्थर न होकर हीरा है। हीरा भी कोई आम नहीं बल्कि पन्ना की खदानों में निकला अब तक का दूसरा सबसे बड़ा हीरा है।
मोतीलाल ने स्वप्न में भी नहीं सोचा होगा कि दीवाली से बस एक माह पहले उनपर लक्ष्मी जी की ऐसी कृपा हो जाएगी कि वह करोड़पति बन जाएंगे। मोतीलाल ने करीब एक महीने पहले अपने चार साथियों के साथ कृष्णा कल्याणपुर गांव में खान लीज पर ली थी। खुदाई के दौरान मिला हीरा 42.59 कैरट का है। स्थानीय अधिकारी इस हीरे को पन्ना जिले की खदानों से निकला अब तक का दूसरा सबसे बड़ा हीरा मान रहे हैं। विशेषज्ञों के मुताबिक हीरे की कीमत 1.5 करोड़ से 2.5 करोड़ रुपये के बीच हो सकती है। हालांकि, हीरे की आधिकारिक कीमत अभी तय नहीं की गई है।
पन्ना की खदानों से अब तक का सबसे बड़ा हीरा 1961 में निकला था। वह हीरा 44.55 कैरट का था। पन्ना के सरकारी डायमंड ऑफिस के वैल्युअर (पारखी) अनुपम सिंह ने बताया कि मोतीलाल ने हीरा उनके पास जमा करा दिया है। इसकी नीलामी अगले साल जनवरी में की जाएगी। नीलामी में मिलने वाली रकम से सरकारी रॉयल्टी व टैक्स काटने के बाद बची राशि मोतीलाल को दे दी जाएगी।
बता दें कि हीरे की बिक्री के बाद साढ़े ग्यारह प्रतिशत रॉयल्टी एवं 1 प्रतिशत इनकम टैक्स काटा जाता है। अगर पैन कार्ड नहीं है तो 20 प्रतिशत तक टैक्स काटा जाता है। अनुपम सिंह ने कहा कि यह तो तय है कि हीरे की कीमत करोड़ों में है। अब आधिकारिक मूल्य तय होने के बाद नीलामी किस राशि की होती है यह तो नीलामी के बाद ही पता चलेगा। भले ही हीरे से कितनी रकम हाथ आनी है यह मोतीलाल को न पता हो, लेकिन मोतीलाल के दिन जरूर बदल गए हैं। मोतीलाल का कहना है कि नीलामी से मिलने वाली राशि में अपने साथियों को भी हिस्सा देगा।
दो महीने में दूसरी बार मिला बड़ा हीरा
पन्ना में ये पिछले दो महीने में दूसरा बड़ा हीरा मिला है। इससे पहले 14 सितंबर को भी सरकोहा गांव में एक किसान को खेत जोतते समय 12.58 कैरेट का हीरा मिला था, जिसकी कीमत करीब 30 लाख रुपये आंकी गई थी। पन्ना जिले को हीरे का भंडार माना जाता है और एक अनुमान के अनुसार यहां की जमीन में करीब 12 लाख कैरेट के हीरे छिपे हुए हैं।
