Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Madhya Pradesh ›   vidisha minor assault case accused chandu miyan sawmill sealed house demolished

दरिंदगी: छह वर्षीय नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी चंदू मियां की आरा मशीन पर लगा ताला, तीन मंजिला मकान जमींदोज

Mon, 16 Nov 2026 10:20 PM IST
दिनेश शर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, विदिशा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, विदिशा Published by: दिनेश शर्मा Updated Mon, 16 Nov 2026 10:20 PM IST
सार

विदिशा में छह वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म के आरोपी चंदू मियां की आरा मशीन प्रशासन ने नियमों के उल्लंघन के आरोप में सील कर दी। सरकारी जमीन पर अतिक्रमण बताकर उसके तीन मंजिला मकान को भी ध्वस्त किया गया। कार्रवाई से पहले हिंदू संगठनों ने प्रदर्शन कर अल्टीमेटम दिया था।

विज्ञापन
vidisha minor assault case accused chandu miyan sawmill sealed house demolished
विदिशा में बच्ची से दुष्कर्म के आरोपी चंदू मियां के घर पर चला बुलडोजर - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

छह साल की मासूम के साथ हुई घटना के बाद विदिशा प्रशासन ने सोमवार को ऐसा एक्शन लिया, जिसकी चर्चा पूरे शहर में हो रही है। एक तरफ वन विभाग की टीम ने आरोपी चंदू मियां की आरा मशीन को सील कर दिया, तो दूसरी तरफ नगर पालिका और प्रशासन की टीम ने बुलडोजर चलाकर उसके तीन मंजिला मकान को गिराना शुरू कर दिया। कार्रवाई के दौरान पूरा इलाका पुलिस छावनी में तब्दील रहा।
विज्ञापन


बता दें, रविवार को कोतवाली थाना क्षेत्र में छह साल की बच्ची के साथ हुई घटना का केस दर्ज हुआ था। पुलिस ने उसी दिन आरोपी चंदू मियां को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। इस घटना के बाद से ही शहर में आक्रोश था। सोमवार सुबह सकल हिंदू समाज और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता स्वामी विवेकानंद चौराहे पर जमा हुए। उन्होंने चक्काजाम कर आरोपी की आरा मशीन बंद कराने और उसके अवैध निर्माणों को हटाने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन को दोपहर 3 बजे तक का अल्टीमेटम दिया था। उन्होंने चेतावनी दी थी कि अगर समय पर कार्रवाई नहीं हुई, तो समाज के लोग खुद अतिक्रमण हटाने के लिए आगे आएंगे।
विज्ञापन


ये भी पढ़ें- विदिशा दुष्कर्म केस: पुलिस पर सवाल उठने के बाद आरोपी गिरफ्तार, एनएचआरसी ने डीजीपी-गृह सचिव को थमाया नोटिस
विज्ञापन
विज्ञापन


बिना अनुमति रखी थी लकड़ियां
इस अल्टीमेटम के बाद प्रशासन हरकत में आया। दोपहर होते-होते वन विभाग और नगर पालिका की टीमें मौके पर पहुंच गईं। सोमवार दोपहर वन विभाग की टीम आरोपी की आरा मशीन पर पहुंची। टीम ने करीब डेढ़ घंटे तक वहां जांच-पड़ताल की। जांच में जो सामने आया, उसने सभी को चौंका दिया। मौके पर बड़ी मात्रा में गीली लकड़ी रखी मिली थी। यह लकड़ी बिना किसी अनुमति के रखी गई थी। आरा मशीन के संचालन के लिए भी जरूरी कागजात नहीं मिले। अधिकारियों ने बताया कि इस तरह से गीली लकड़ी का भंडारण करना नियमों के खिलाफ है। इससे कभी भी आगजनी की बड़ी घटना हो सकती थी। जांच पूरी होने के बाद टीम ने आरा मशीन को सील कर दिया और उसका काम पूरी तरह बंद करा दिया। मशीन पर ताला लगते ही वहां मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली। इधर, प्रशासन की दूसरी टीम ने आरोपी के तीन मंजिला मकान को गिराने की कार्रवाई शुरू की। नगर पालिका के एई ने बताया कि इस मकान को लेकर पहले ही दो बार नोटिस दिए जा चुके थे। पहला नोटिस 2 नवंबर को दिया गया था। इसके बाद एक और नोटिस जारी किया गया था। लेकिन तय समय तक न तो कोई जवाब आया और न ही अवैध निर्माण हटाया गया। इसके बाद सोमवार को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। प्रशासन के मुताबिक, मकान का एक बड़ा हिस्सा सरकारी जमीन पर बना था। आरोपी ने कई जगहों पर कब्जा कर रखा था। मौके पर पुलिस बल की मौजूदगी में बुलडोजर चलाया गया। आसपास की सड़कों पर बैरिकेडिंग की गई थी, ताकि कार्रवाई के दौरान कोई बाधा न आए।


विधायक ने भी जताई नाराजगी
प्रदर्शन में विदिशा विधायक मुकेश टंडन भी पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि इस घटना से पूरा विदिशा शहर शर्मसार हुआ है। आरोपी ने कई जगह सरकारी जमीन पर कब्जा कर रखा है। प्रशासन को ऐसे सभी अतिक्रमण हटाने चाहिए। उन्होंने कहा कि दुष्कर्म के मामले में सजा दिलाने का काम अदालत और कानून करेगा, लेकिन अवैध कब्जे हटाना प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने की भी अपील की। विश्व हिंदू परिषद के प्रांत सहमंत्री ने भी आरोपी की आरा मशीन बंद कराने, अवैध निर्माण और अतिक्रमण हटाने की मांग की थी। उन्होंने कहा कि बच्ची को न्याय मिलना चाहिए और आरोपी को कानून के अनुसार कठोर सजा दी जानी चाहिए। एसपी रोहित काशवानी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने एफआईआर दर्ज की थी। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा चुका है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के लिए एसआईटी बनाई गई है। पुलिस ने बीएनएस और पॉक्सो एक्ट की धाराओं में कार्रवाई की है। ज्ञापन में की गई अन्य मांगों पर भी कानूनी प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, बच्ची की मां की शिकायत पर रविवार को केस दर्ज किया गया था।

सोमवार को दिनभर चले प्रदर्शन और कार्रवाई के बाद शहर में स्थिति नियंत्रण में रही। चक्काजाम के कारण करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा, लेकिन बाद में पुलिस ने यातायात सुचारू करा दिया। फिलहाल, आरोपी जेल में है, उसकी आरा मशीन सील हो चुकी है और अवैध मकान पर बुलडोजर चला कर ध्वस्त कर दिया है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed