Umaria News: गेट के सामने गाड़ी लगाने से रोका तो कर दी मारपीट, कंधा तोड़ा-कांच की बोतल सिर पर मारी
उमरिया रेलवे स्टेशन पर पार्किंग ठेकेदार के कर्मियों के साथ मारपीट और लूटपाट की घटना हुई। धावड़ा कॉलोनी के 10-12 युवकों ने पार्किंग के पैसे और किस्त की रकम लूट ली। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
विस्तार
उमरिया रेलवे स्टेशन में पार्किंग का काम देख रहे ठेकेदार के कर्मियों के साथ मारपीट और लूट की घटना सामने आई है। पीड़ित गुड्डू उर्फ मंजा श्रीवास्तव ने बताया कि वह पार्किंग का काम संभालता है। रात में कुछ लड़के आए और गाड़ी को गेट के सामने लगा दिया। गुड्डू ने उन्हें गाड़ी हटाने को कहा, पर वे नहीं माने और उल्टा उनके साथ मारपीट की। गुड्डू के अनुसार, करीब 10-12 युवक, जो धावड़ा कॉलोनी के निवासी हैं, ने पहले गुड्डू और उसके साथी पर हमला किया। मारपीट के बाद आरोपियों ने उसके थैले से पार्किंग की नकदी और किस्त की रकम भी लूट ली।
घटना के बाद परिजन गुड्डू और एक अन्य घायल को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने बताया कि गुड्डू का एक कंधा टूट गया है और सिर में कांच की बोतल से गंभीर चोट लगी है। घटना की जानकारी मिलते ही जीआरपी पुलिस सक्रिय हुई और एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
इस मामले पर आरपीएफ प्रभारी शहडोल, मनीष कुमार ने बताया कि चूंकि मारपीट का मामला रेलवे एक्ट में नहीं आता, इसलिए इसमें अलग से शिकायत दर्ज करनी होगी। अगर घायल थाने में जाकर शिकायत दर्ज करता है, तो पुलिस मारपीट की धाराओं के तहत कार्रवाई करेगी। फिलहाल, एक आरोपी के खिलाफ न्यूज़ेंस फैलाने के आरोप में धारा 145 के तहत कार्रवाई की गई है।
