Ujjain News: ज्योतिषाचार्य से चार करोड़ की ठगी का मामला, नौकरानी और बॉयफ्रेंड को भेजा जेल, दो की तलाश जारी
अलखधाम नगर के 70 वर्षीय ज्योतिषाचार्य को ब्लैकमेल कर 4 करोड़ रुपये ठगने वाले मामले में पुलिस ने नौकरानी पिंकी गुप्ता और उसके बॉयफ्रेंड राहुल मालवीय सहित तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने ज्योतिषाचार्य के आपत्तिजनक वीडियो बनाकर उन्हें ब्लैकमेल किया और उनकी संपत्तियां बेचने पर मजबूर कर दिया था। पुलिस ने अब तक करीब एक करोड़ रुपये की नकदी और आभूषण बरामद किए हैं।
विस्तार
अलखधाम नगर में रहने वाले ज्योतिषाचार्य का वीडियो बनाने के बाद 4 करोड़ की ठगी करने वाली नौकरानी और उसके बॉयफ्रेंड को नीलगंगा पुलिस ने जेल भेज दिया है। अब नौकरानी के मामा और मौसी के लड़कों की तलाश की जा रही है।
टीआई तरुण कुरील ने बताया नौकरानी पिंकी गुप्ता निवासी वृंदावनधाम कॉलोनी और बॉयफ्रेंड राहुल मालवीय निवासी कोलूखेड़ी ने ज्योतिषी से सोने के आभूषण सहित 4 करोड़ रुपये ठगे थे। पिंकी के इस कांड में उसकी बहन रजनी पाटीदार, मां सजनबाई बैरागी शामिल थे। ज्योतिषी के बेटे की ओर से थाने में शिकायत दर्ज कराने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। पिंकी के घर दबिश देकर उसे और मां, बहन को गिरफ्तार कर आभूषण और नकदी मिलाकर एक करोड़ रुपये का माल बरामद किया। पूछताछ में पिंकी ने अपने बॉयफ्रेंड राहुल मालवीय का नाम बताया था।
रिमांड के दौरान पिंकी और राहुल ने खुलासा किया था कि उसके मामा और मौसेरे भाई अशोक और संतोष भी इस कांड में शामिल थे। दोनों मिलकर ज्योतिषी को धमकी देने का काम करते थे। पिंकी के भाइयों के नाम सामने आने के बाद पुलिस ने उनके घर दबिश दी, लेकिन घर पर ताला लगा मिला। टीआई कुरील ने बताया कि फरार अशोक और संतोष की तलाश की जा रही है।
ब्लैकमेलिंग के मामले में अब आरोपियों के मकान सीज कर रुपये वसूलेगी पुलिस
एक सप्ताह पहले एसपी प्रदीप शर्मा ने अलखधाम में रहने वाले ज्योतिषाचार्य को उनके घर में झाड़ू-पोछा करने वाली एक महिला और उसके परिवार द्वारा ब्लैकमेलिंग कर चार करोड़ रुपये ऐंठने के मामले में बड़ा खुलासा किया था। इस दौरान झाड़ू पोछा करने वाली महिला के साथ ही उसकी बहन, मां, प्रेमी को गिरफ्तार भी किया था। पुलिस इन आरोपियों की संपत्ति को सीज कर फिर ज्योतिषाचार्य को रुपये दिलाने में जुटी हुई है।
आरोपियों से यह सामग्री हुई थी जब्त
आरोपी पिंकी गुप्ता से पुलिस को 40 लाख 24 हजार रुपये नकदी, 5 सोने के हार, 2 नग सोने का मांग टीका, 3 सोने की चेन, 2 सोने के हाथ के ब्रेसलेट, दो सोने के मंगलसूत्र, कॉन के टॉप्स सोने के 10 नग, 3 नग सोने के पैंडल, सोने के कंगन 4 नग, एक नग सोने की अंगूठी, चार नग नाक की बाली, एक नग सोने का नाक का लौंग बरामद हुए। वहीं, आरोपी रजनी पाटीदार के पास से नकदी 19 हजार रुपये, दो नग सोने के हार, 6 नग सोने के कान के टॉप्स, एक नग सोने की अंगूठी, एक सोने का पैंडल, दो सोने के हाथ के कंगन मिले। तीसरी आरोपी सजन बाई बैरागी के पास से नकदी 4 लाख 50 हजार रुपये, एक जोड़ 2 नग चांदी के पैर के ऑवले, एक जोड़ चांदी की 2 नग पाजेब, 6 नग चांदी की बिछुड़ी, 6 कमर के छल्ले, 2 नग सोने के कॉन के टॉप्स मिले हैं।
ये है पूरा मामला
अलखधाम नगर में रहने वाले ज्योतिषाचार्य उम्र 70 साल द्वारा लगभग 2 वर्षों पूर्व पिंकी गुप्ता नामक एक महिला को झाड़ू पोछा के लिए घर पर काम के लिए रखा गया था। शुरुआत में तो यह महिला ठीक ढंग से काम करती रही, लेकिन बाद में उसने अपने प्रेमी राहुल मालवीय के साथ मिलकर ज्योतिषाचार्य के कुछ आपत्तिजनक वीडियो बनाए और वीडियो दिखाकर ज्योतिषाचार्य को ब्लैकमेल करने लगी। शहर में उनकी मान प्रतिष्ठा खराब न हो जाए इसलिए ज्योतिषाचार्य इन लोगों से ब्लैकमेल होते रहे और स्थिति कुछ ऐसी बन गई कि उन्होंने अपने नाम की बहुमूल्य जमीनें बेचकर करोड़ों रुपये पिंकी गुप्ता को दे दिए। पूरा मामला उस समय खुला जब ज्योतिषाचार्य को पिंकी गुप्ता ने फिर से ब्लैकमेल कर 10 लाख रुपये मांगें। इस बार ज्योतिषाचार्य ने यह रुपये देने की बजाय इस पूरी ब्लैकमेलिंग के बारे में अपने बेटे को बताया और फिर बेटे ने इस ब्लैकमेलिंग की शिकायत नीलगंगा थाना पुलिस को दी थी। पुलिस ने पूरे मामले में अपराध क्र. 558/24 धारा 308(6), 308(7) बीएनएस का दर्ज कर विवेचना में लिया था।
