Ujjain News: नाबालिग की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी, अचानक किए गए अंतिम संस्कार से उठे कई प्रश्न
उज्जैन जिले के खाचरोद थाना क्षेत्र में एक विवाहिता की मौत पर उसके शव को जल्द से जल्द जलाने का मामला सुर्खियों में बना हुआ है। विवाहिता की मौत के बाद मायके और ससुराल पक्ष के लोगों ने उसका अंतिम संस्कार तो कर दिया, लेकिन इस बात की सूचना क्षेत्रीय थाना पुलिस को नहीं दी गई और विवाहिता की मौत का कारण उसका बीमार होना बताया गया लेकिन बीमारी के बावजूद उसे अस्पताल भी नहीं ले जाया गया। इस पूरे मामले में अब पुलिस विवाहिता के ससुराल पहुंचकर इस पूरे मामले में जांच करने में जुटी हुई है।
बताया जाता है कि खाचरोद के ग्राम खमरिया में 12 फरवरी 2025 को एक नाबालिग लड़की ने अपने ससुराल खामरिया में जहरीली दवाई पी ली, जिससे उसकी मौत हो गई। नाबालिग की मौत की सूचना ससुराल के लोगों और परिजनों ने मायके पक्ष के लोगों को तो दे दी, लेकिन इस घटना के बाद विवाहिता को उपचार के लिए अस्पताल नहीं ले जाया गया और पुलिस को बिना कोई सूचना दिए जल्द से जल्द उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया था। इस मामले की सूचना जैसे ही पुलिस को लगी तो पुलिस खामरिया पहुंची और बताए गए स्थान पर पहुंचकर जांच पड़ताल की जहां अंतिम संस्कार किया गया था। जहां विवाहिता की जलती चिता के पास सुहागन का लाल जोड़ा पड़ा है, जिससे खबर की विश्वसनीयता को और बल मिला। पुलिस ने जब आसपास के लोगों से पता किया तो मौत का कारण विवाहिता द्वारा दवाई पीना सामने आया, लेकिन विवाहिता की मौत संदेहास्पद इसलिए भी क्योंकि तीन दिन पहले उसके माता पिता स्वस्थ हालत में उसे ससुराल छोड़कर गए थे।
खाचरोद थाना प्रभारी धनसिंह नलवाया ने बताया कि मृतिका नाबालिग होने के साथ ग्राम कंचनखेड़ी की रहने वाली थी। इसकी शादी परिजनों ने नाबालिग अवस्था में ग्राम खामरिया में की थी। उसके माता पिता दो से तीन दिन पहले उसे खामरिया ससुराल छोड़कर गए थे जो पति के साथ रहने की इच्छुक नहीं थी, क्योंकि मृतिका नाबालिग युवती का गांव कंचनखेड़ी के ही युवक से प्रेम संबंध था। जो 13 दिन पहले घर से भागकर शादी करने के लिए उज्जैन पहुंची थी। इसकी शिकायत युवती और युवक के परिजनों ने खाचरोद थाने में की थी। इसके आधार पर दोनों को खोजकर खाचरौद थाने लाया गया था और युवती को परिजनों के सुपुर्द किया था, लेकिन मृतिका अपने प्रेमी के साथ शादी करना चाहती थी जो नाबालिग होने से नहीं हो पाई थी।
वर्तमान में नाबालिग की संदेहास्पद मौत ने कई तरह के सवाल खड़े कर दिए हैं। इस मामले में उज्जैन पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा ने बातचीत में बताया कि जांच के बाद जो भी वैधानिक कार्यवाही होगी वह की जाएगी।
इन प्रश्नों का जवाब खोज रही पुलिस
-
परिजनो ने आनन फानन क्यों किया अंतिम संस्कार
-
विवाहिता को जहर दिया, खाया, आत्महत्या या हत्या
-
तबीयत खराब होने पर विवाहिता को क्यों नहीं ले गए अस्पताल
-
युवती की मौत की जानकारी खाचरोद पुलिस से क्यों छुपाई

मामला खाचरौद थाना क्षेत्र का है।

जंगल में कर दिया गया युवती का अंतिम संस्कार
