{"_id":"67d1167cca1f2a2ea006a4e2","slug":"holi-ramzan-and-rangpanchami-celebrated-with-sohadraknow-how-the-police-made-arrangements-this-year-in-ujjain-ujjain-news-c-1-1-noi1228-2718957-2025-03-12","type":"story","status":"publish","title_hn":"Ujjain News: सौहार्द से मने होली, रमजान और रंगपंचमी....जानिए उज्जैन में पुलिस ने किया इस वर्ष कैसे इंतजाम","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Ujjain News: सौहार्द से मने होली, रमजान और रंगपंचमी....जानिए उज्जैन में पुलिस ने किया इस वर्ष कैसे इंतजाम
Wed, 12 Mar 2025 11:03 AM IST
उज्जैन ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, उज्जैन
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, उज्जैन
Published by: उज्जैन ब्यूरो
Updated Wed, 12 Mar 2025 11:03 AM IST
सार
Ujjain: जहां पुलिस निगरानी रखकर यह प्रयास करेगी कि प्रतिवर्ष की तरह ही इस वर्ष भी सभी त्योहारों को हर्षोल्लास के साथ मनाया जा सके, इसीलिए उज्जैन पुलिस ने फ्लैग मार्च का आयोजन किया। यह फ्लैग मार्च शहर के विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों में निकाला गया।
विज्ञापन
पुलिस का फ्लैग मार्च
- फोटो : अमर उजाला डिजिटल
विस्तार
उज्जैन पुलिस आगामी होली, रंगपंचमी और रमजान के त्योहारों को सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए पूरी तरह मुस्तैद हो चुकी है। त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहे, इसके लिए पुलिस ने शहर में फ्लैग मार्च निकाला और संवेदनशील क्षेत्रों को चिह्नित किया है।
विज्ञापन
पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा ने बताया कि इस बार होली पर्व पर 1200 पुलिस जवानों की तैनाती की जाएगी। सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) की दो कंपनियां और सशस्त्र सुरक्षा बल के जवान भी बाहर से बुलाए जाएंगे। महाकाल क्षेत्र में विशेष सतर्कता बरती जाएगी, जहां 8 चौपहिया वाहन और 150 से अधिक बाइक पेट्रोलिंग करेंगी। इसके अलावा, तीन ड्रोन कैमरों की मदद से भी निगरानी रखी जाएगी।
विज्ञापन
एसपी ने बताया कि रैपिड एक्शन फोर्स की प्रत्येक कंपनी में 120 जवान रहेंगे, जबकि सशस्त्र सुरक्षा बल की प्रत्येक कंपनी में 500 जवानों की तैनाती होगी। शहर के 28 से अधिक स्थानों को संवेदनशील मानते हुए वहां विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही अश्वरोही बल (घुड़सवार पुलिस) भी गश्त करेगी और हुड़दंग मचाने वालों पर नजर रखेगी।
विज्ञापन
शहरवासियों से अपील करते हुए एसपी प्रदीप शर्मा ने कहा कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। उन्होंने आश्वस्त किया कि पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और हर स्थिति पर नजर रखे हुए है।
थाना महिदपुर प्रांगण में बलवा ड्रिल का अभ्यास
त्योहारों के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस प्रशासन ने महिदपुर थाना प्रांगण में मॉक बलवा ड्रिल का अभ्यास किया। इस दौरान महिदपुर, महिदपुर रोड, झारड़ा और राघवी थानों के पुलिस बल ने हिस्सा लिया। एसडीओपी अनुभाग महिदपुर के मार्गदर्शन में इस अभ्यास को संपन्न किया गया, जिसमें ग्राम कोटवार और पुलिस मित्र भी मौजूद रहे।
पुलिस प्रशासन का उद्देश्य त्योहारों को शांतिपूर्वक और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराना है। इसी को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है, ताकि नागरिक निर्भय होकर अपने त्योहारों का आनंद उठा सकें।
