Tikamgarh News: दो थानों की सीमा विवाद में उलझा किसान की मौत का मामला, गुस्साए ग्रामीणों ने किया चक्काजाम
टीकमगढ़ के दरगुवा गांव में सड़क हादसे में किसान खुर्का लोधी की मौत हो गई। पुलिस सीमा विवाद में उलझी, जिससे परिजनों को तीन घंटे तक इंतजार करना पड़ा। गुस्साए ग्रामीणों ने चक्का जाम किया और नारेबाजी की। बाद में पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम भेजा।
विस्तार
टीकमगढ़ जिले के दरगुवा गांव में बीती रात एक किसान की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों ने जब पुलिस को सूचना दी, तो दोनों थानों के बीच सीमा विवाद में उलझने से उन्हें घंटों इंतजार करना पड़ा। इस पर गुस्साए ग्रामीणों ने चक्का जाम कर दिया और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की।
दरगुवा गांव के किसान खुर्का लोधी अपने खेत में पानी लगाने के लिए रात करीब 9 बजे घर से निकले थे। रास्ते में किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सुबह ग्रामीणों ने मृतक को सड़क पर पड़ा देखा और परिजनों को सूचित किया। जब परिजन बुढेरा पुलिस थाने पहुंचे, तो उन्होंने बताया कि घटना बड़ा गांव थाना क्षेत्र के अंतर्गत आती है। इसके बाद जब परिजन बड़ा गांव थाने पहुंचे, तो वहां से जवाब मिला कि मामला बुढेरा थाना क्षेत्र में आता है। इस तरह से परिजन तीन घंटे तक पुलिस के चक्कर काटते रहे, लेकिन किसी ने तत्काल कार्रवाई नहीं की।
घटना से परेशान और गुस्साए ग्रामीणों ने बड़ा गांव-खरगापुर मार्ग पर चक्का जाम कर दिया और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। सोशल मीडिया पर खबर फैलते ही बड़ा गांव पुलिस मौके पर पहुंची, और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मृतक के बेटे अंकुश ने बताया कि उनके पिता रात में खेत में पानी डालने गए थे, लेकिन सुबह उनकी लाश सड़क पर मिली। उन्होंने बताया कि पुलिस की लापरवाही के कारण परिजनों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों ने कहा कि पुलिस द्वारा घटना की सीमा तय न कर पाना बड़ी लापरवाही है।
