MP Election 2023 Live: ग्वालियर पहुंचे गृहमंत्री और रक्षा मंत्री; शाह शिवपुरी तो राजनाथ भिंड के लिए हुए रवाना
MP Election Live: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज (4 नवंबर को) ग्वालियर, शिवपुरी और श्योपुर में चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे। वहीं, प्रधानमंत्री मोदी रतलाम में सभा करेंगे। जबकि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे कटंगी और शाहपुरा में रैली करेंगे। दोनों पार्टियों के नेता तक कई विधानसभा सीटों पर पहुंचेंगे और अपने-अपने प्रत्याशियों के समर्थन में वोट मांगेंगे।
लाइव अपडेट
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मध्य प्रदेश में चुनावी सभाओं को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पर जमकर निशाने साधे। उन्होंने आरोप लगाया कि कमलनाथ ने साढ़े तीन सौ करोड़ का मोजरबेयर घोटाला किया। 2400 करोड़ रुपये के अगस्ता वेस्टलैंड घोटाले में नाम आया। 600 करोड़ का इप्को घोटाला किया। 25 हजार करोड़ रुपये की कर्जमाफी का घोटाला कमलनाथ ने किया। इतनी आयु हो गई, पेट नहीं भरा क्या? क्या करना है भाई!
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने किसानों की कर्ज माफी के मुद्दे पर कांग्रेस पर बड़ा हमला किया है। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शिवपुरी जिले की कोलारस विधानसभा क्षेत्र के खरई में आयोजित आमसभा में आरोप लगाए कि कांग्रेस की 15 महीने की सरकार में कांग्रेस सरकार ने 26 लाख किसानों को झूठे किसान कर्ज माफी के प्रमाण पत्र वितरित किए। मुझे से भी झूठ प्रमाण पत्र वितरित करवा दिए।
उन्होंने राहुल गांधी पर भी बिना नाम लिए निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने कहा था कि कांग्रेस की सरकार आते ही कर्ज माफ किया जाएगा। लेकिन झूठे प्रमाण पत्र बांट दिए गए और मुझे भी झूठे प्रमाण पत्र बंटवा दिए गए। सिंधिया ने कहा कि शिवराज सरकार आई तो हमारी सरकार सीएम ने ब्याज मुक्त योजना के तहत 11 लाख किसानों का ब्याज माफ किया। इस तरह से दो हजार तीन सौ करोड़ रुपये का ब्याज माफ किया गया है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने जो कहा वह किया।
मध्यप्रदेश के कटनी पहुंचे सीएम शिवराज ने जनसभा संबोधित करते हुए मुड़वारा प्रत्याशी संदीप जायसवाल को अपना ब्लैंक चेक बताया। उनका कहना है कि जायसवाल कटनी के विकास के लिए सैकड़ों करोड़ की सड़कें, ब्रिज और विकास कार्यों के लिए लड़कर कटनी को देते नजर आते हैं। दरअसल, अल्पप्रवास पर कटनी पहुंचे मुख्यमंत्री को बीजेपी नेता और कार्यकर्ता तिलक कॉलेज ग्राउंड में चल रही जनसभा तक ले गए। उसमें शामिल होते ही शिवराज सिंह चौहान ने लाड़ली बहनों को मिलने वाले लाभों की बात की कही। उन्होंने आगे की योजनाओं के लिए बताया कि अगली सरकार पर हर घर से एक शख्स को रोजगार देने की योजना लाने की तैयारी कर रहे हैं।
इस दौरान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 15 माह में मध्यप्रदेश की कांग्रेस सरकार गिरने की वजह भी बताई। शिवराज ने कहा कि कमलनाथ ने आते ही संबल, तीर्थ योजना सहित मृतक के परिजनों को तत्काल पांच हजार मिलने वाली महत्वाकांक्षी योजनाएं बंद की थी। उसके परिणाम स्वरूप उनकी सरकार गिरी।
भारतीय जनता पार्टी से बागी होकर बीजेपी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान के बेटे हर्षवर्धन चौहान निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुनावी मैदान में उतरे हैं। इसी बीच शुक्रवार को हर्षवर्धन चौहान के समर्थन में भारतीय जनता पार्टी के करीब दो सौ कार्यकर्ताओं ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से अपना इस्तीफा देते हुए बुरहानपुर जिला अध्यक्ष को सौंपा। इस दौरान हर्षवर्धन चौहान ने अपने चुनाव चिन्ह ट्रक का एक सांकेतिक रूप भी जिला अध्यक्ष को सौंपा।
हर्षवर्धन का कहना है कि उनके समर्थन में आगे अभी और कार्यकर्ताओं के इस्तीफों की झड़ी लगने वाली है। हर्षवर्धन ने जिला अध्यक्ष को चेताया कि अभी यह तो शुरुआत है और वे पार्टी में 1980 के वर्ष जैसी स्थितियां बना देंगे। इस तरह आगे लगातार कार्यकर्ताओं के इस्तीफे आते रहेंगे।
भोजपुरी एक्टर व भाजपा सांसद का होगा उमरिया में आगमन, तैयारी में जुटी भाजपा
मध्यप्रदेश के उमरिया जिले की राजनीति बिल्कुल पूरी तरह से अब गरमा गई है। जहां आरोप-प्रत्यारोप का दौर तो शुरू हो ही गया है। वहीं, अब दिग्गज नेता/अभिनेता भी मैदान में कूद पड़े हैं। जहां गोरखपुर से सांसद और भोजपुरी एक्टर रवि किशन अब उमरिया जिले में कदम रखने वाले हैं और भाजपा भी इसकी तैयारी में जुट गई है।
आगामी छह नवंबर को रवि किशन का उमरिया जिले में दौरा है जहां वह लगातार बैठक और रोड शो करेंगे। रवि किशन छह नवंबर के दिन लगभग 3:30 बजे से उमरिया जिले में पहुंच जाएंगे। जहां लगातार जनसभा को संबोधित करेंगे। वहींं, उनकी एक नहीं दो नहीं बल्कि छह से अधिक सभाएं सुनिश्चित की गई है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज (चार नवंबर को) मध्यप्रदेश में चुनाव प्रचार पर रहेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दोपहर 2.45 बजे रतलाम के बंजली ग्राउंड में विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। सभा के बाद दोपहर 3.45 बजे प्रधानमंत्री रतलाम से प्रस्थान करेंगे।
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह आज शनिवार को ग्वालियर, शिवपुरी और श्योपुर के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान शाह पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में चार जनसभाएं और दो रोड शो करेंगे। वे शनिवार को दोपहर 12 बजे ग्वालियर पहुंचेंगे। वहां से वे हेलीकॉप्टर से शिवपुरी के करैरा पहुंचकर दोपहर 12.40 बजे कृषि उपज मंडी प्रांगण में भाजपा प्रत्याशी रमेश खटीक के समर्थन में आम सभा को संबोधित करेंगे। शाह दोपहर 1.35 बजे करैरा विधानसभा के सिरसौद में, दोपहर 1.45 बजे मानपुरा, दोपहर 2 बजे भौंती में रथ सभाएं, दोपहर 2.15 बजे पगारा में स्वागत, दोपहर 2.30 बजे ढाला में स्वागत, दोपहर 2.40 बजे बदरवास में रथसभाओं को संबोधित करेंगे।
गृह मंत्री व वरिष्ठ भाजपा नेता शाह दोपहर 2.55 बजे पिछोर नगर के स्टेडियम में भाजपा प्रत्याशी प्रीतम सिंह लोधी के समर्थन में विशाल आमसभा को संबोधित करेंगे। शाम 4.15 बजे वे हजारेश्वर मेला ग्राउंड, श्योपुर में पार्टी प्रत्याशी दुर्गालाल विजय के समर्थन में आयोजित विशाल आमसभा को संबोधित करेंगे। शाह शाम 7.30 बजे इंटक ग्राउंड हजीरा, ग्वालियर में भाजपा प्रत्याशी प्रद्युम्न सिंह तोमर के समर्थन में आम सभा को संबोधित करेंगे। वे रात्रि विश्राम ग्वालियर में करेंगे।