एमपी: कूनो में फिर गायब हुई मादा चीता निर्वा, 500 मीटर के सिग्नल ने बढ़ाई वन विभाग की चिंता; पांच टीमें उतरीं
कूनो नेशनल पार्क में मादा चीता निर्वा की सैटेलाइट कॉलर आईडी से चार-पांच दिन से लोकेशन नहीं मिल रही है। वन विभाग ने 100 से अधिक कर्मियों वाली पांच टीमें तैनात की हैं। ड्रोन और सीसीटीवी से भी तलाश जारी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कूनो नेशनल पार्क में मादा चीता निर्वा की सैटेलाइट कॉलर आईडी से लोकेशन मिलना बंद होने के बाद वन विभाग ने उसकी तलाश के लिए व्यापक अभियान शुरू किया है। पिछले चार-पांच दिनों से निर्वा की सटीक लोकेशन नहीं मिल पा रही है। कूनो प्रबंधन ने चीते की तलाश में 100 से अधिक वनकर्मियों को जंगल में उतारा है। जमीनी तलाशी के साथ संभावित इलाकों पर नजर रखने के लिए ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों की भी मदद ली जा रही है।
कूनो प्रबंधन ने निर्वा की खोज के लिए पांच विशेष टीमें गठित की हैं। ये टीमें जंगल के अलग-अलग हिस्सों में लगातार गश्त कर रही हैं। वन्यजीव अधिकारियों के मुताबिक, खराब मौसम और बारिश के कारण सैटेलाइट कॉलर आईडी से सिग्नल मिलने में दिक्कत आ रही है। फिलहाल पार्क कर्मियों को केवल बीएचएफ सिग्नल मिल रहे हैं, जिसकी प्रभावी रेंज करीब 500 मीटर तक ही है। घने जंगल में इतनी सीमित रेंज के कारण निर्वा की सटीक स्थिति का पता लगाना टीमों के लिए चुनौती बना हुआ है।
पढे़ं: ग्वालियर की किसिंग कार का नया राज खुला, एक नहीं तीन लड़कियों ने किया था ये काम; लड़के ने क्या बोला?
पहले भी 22 दिन तक लापता रही थी निर्वा
निर्वा के निगरानी से बाहर होने का यह पहला मामला नहीं है। जुलाई 2023 में भी उसकी कॉलर आईडी ने काम करना बंद कर दिया था। इसके बाद निर्वा लगातार 22 दिनों तक वन विभाग की निगरानी से बाहर रही थी। उस दौरान करीब छह घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद उसे सुरक्षित पकड़ा गया था। अधिकारियों के अनुसार निर्वा के नर और मादा शावक अब उससे अलग हो चुके हैं। शावकों के शिकार और खुद जीवनयापन करने में सक्षम होने के बाद उनका मां से अलग होना चीतों के जीवनचक्र की स्वाभाविक प्रक्रिया है।
निर्वा के बार-बार गायब होने से निगरानी पर सवाल
मादा चीता निर्वा के बार-बार निगरानी से बाहर होने के कारण कूनो नेशनल पार्क की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। वन्यजीव कार्यकर्ताओं ने कूनो में तेंदुओं के शिकार और चीतों को बार-बार बेहोश किए जाने जैसे मुद्दों का हवाला देते हुए वन विभाग की निगरानी व्यवस्था पर चिंता जताई है। फिलहाल वन विभाग की टीमें निर्वा की तलाश में जुटी हुई हैं। अधिकारियों का कहना है कि लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है और जल्द ही मादा चीता की लोकेशन का पता लगा लिया जाएगा।
