शंकराचार्य ने जारी किया साईं बाबा का विवादित पोस्टर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शिरडी के साईं बाबा को लेकर विवादास्पद टिप्पणी करने से सुर्खियों में रहे शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती ने एक बार फिर विवाद शुरू कर दिया है। इस बार उन्होंने साईं बाबा का एक विवादित पोस्टर जारी किया है।
इसमें दिखाया गया है कि हनुमानजी एक पेड़ को जड़ समेत उखाड़कर साईं बाबा के पीछे पड़े हैं और साईं बाबा डर कर भाग रहे हैं। शंकराचार्य ने कहा है कि जहां-जहां भी साईं मंदिर हैं, वहां हनुमानजी के मंदिर बनाए जाएंगे।
इस बारे में साईं भक्तों की अभी कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। द्वारकापीठ के शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद का भोपाल में झरनेश्वर कांपलेक्स के पास एक स्थान है, जहां वह अक्सर ठहरते हैं और अपने शिष्यों से मुलाकात करते हैं।
शिष्य के स्वप्न के आधार पर किया गया है पोस्टर तैयार
शुक्रवार को एक पोस्टर जारी करते हुए स्वरूपानंद के शिष्य रामानंदजी ने मीडिया को बताया कि नांदेड़ में स्वामीजी के शिष्य को स्वप्न में हनुमानजी दिखे थे।
इसी शिष्य के स्वप्न के आधार पर पोस्टर तैयार किया गया है। नांदेड़ के इस शिष्य का मानना है कि साईं बाबा को भारत से खदेड़कर तीन साल के भीतर पाकिस्तान भेज देना है। जहां भी साईं के मंदिर हैं, वहां हनुमानजी के मंदिर बनाने की बात भी शिष्य ने की है।
गौरतलब है कि साईं बाबा के मामले में स्वरूपानंदजी पहले से ही विवादास्पद टिप्पणियां करते रहे हैं। उन्होंने साईं बाबा को मुसलमान बताया था और कहा था कि उनका नाम चांद मियां था।
उन्होंने कहा था कि मंदिरों में साईं के चरणों में भगवान की मूर्तियों को देखकर दुख होता है। यह सनातन धर्म के मानने वालों की भावनाओं का अपमान है। रामनवमी पर साईं की शोभायात्रा का भी शंकराचार्य ने विरोध किया था।
