{"_id":"6af985247a19a0a2610f6555","slug":"public-outrage-erupts-following-the-death-of-a-textile-merchant-coal-laden-vehicles-intercepted-shahdol-news-c-1-1-noi1220-4936485-2026-11-15","type":"story","status":"publish","title_hn":"शहडोल: कपड़ा व्यापारी की मौत के बाद भड़का जनआक्रोश, कोयला लोड वाहनों को रोककर सड़क पर उतरे वार्डवासी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
शहडोल: कपड़ा व्यापारी की मौत के बाद भड़का जनआक्रोश, कोयला लोड वाहनों को रोककर सड़क पर उतरे वार्डवासी
Sun, 15 Nov 2026 04:13 PM IST
शहडोल ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, शहडोल
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, शहडोल
Published by: शहडोल ब्यूरो
Updated Sun, 15 Nov 2026 04:13 PM IST
सार
शहडोल के अमलाई थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 13 में सड़क हादसे में कपड़ा व्यापारी महमूद की मौत के बाद स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। वार्डवासियों ने एसईसीएल कोल साइडिंग जाने वाले भारी वाहनों को रोककर सड़क निर्माण और मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की।
विज्ञापन
पुलिस ने संभाला मोर्चा।
विस्तार
जिले के अमलाई थाना क्षेत्र अंतर्गत वार्ड क्रमांक 13 में सड़क हादसे में कपड़ा व्यापारी महमूद की मौत के बाद स्थानीय लोगों का आक्रोश भड़क उठा। हादसे से नाराज वार्डवासियों ने एसईसीएल की कोल साइडिंग जाने वाले कोयला लोड भारी वाहनों का आवागमन रोक दिया और सड़क पर बैठकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। लोगों ने सड़क निर्माण और मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग उठाई।
विज्ञापन
स्थानीय लोगों का कहना है कि वार्ड से होकर लगातार कोयला लोड भारी वाहनों की आवाजाही होती है। इसके बावजूद सड़क की स्थिति में सुधार के लिए जिम्मेदार विभागों और प्रबंधन की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की जा रही है। सड़क की बदहाल स्थिति और भारी वाहनों की आवाजाही के कारण क्षेत्र के लोगों को आए दिन परेशानियों का सामना करना पड़ता है। बीती रात हुए हादसे में कपड़ा व्यापारी महमूद की जान चली गई, जिसके बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा।
विज्ञापन
ये भी पढ़ें- अपने ही थाना क्षेत्र में पुलिस कमिश्नर के जनसंवाद से नदारद रहे टीआई, डीसीपी ने किया निलंबित
विज्ञापन
घटना के विरोध में वार्डवासियों ने कोल साइडिंग जाने वाले भारी वाहनों को रोककर धरना शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने साफ कहा कि जब तक सड़क निर्माण और मृतक के परिवार को मुआवजा देने के संबंध में ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा। सूचना मिलने पर अमलाई थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं नगर पालिका के कर्मचारी और नायब तहसीलदार मनोज सिंह भी धरना स्थल पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान वार्डवासियों ने नगर पालिका अध्यक्ष और एसईसीएल के जीएम को मौके पर बुलाने की मांग की, ताकि सड़क निर्माण और मुआवजे को लेकर जिम्मेदार अधिकारियों के सामने निर्णय हो सके।
फिलहाल मौके पर विरोध प्रदर्शन जारी है। वार्डवासियों की मांगों और प्रशासन व एसईसीएल प्रबंधन के रुख पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।

