MP News: स्कूल बस से उतरे बच्चों को ले गई महिला, अपहरण की बात पर बैठ गया दादी का दिल, सच ने सबको कर दिया हैरान
MP News: पुलिस की पूछताछ में मां नीतू ने बताया कि पति और सास-ससुर न तो बच्चों से बात करने देते थे और न ही कभी मिलने की इजाजत देते थे। यही कारण था कि वह उन्हें अपने साथ ले जाने के लिए मजबूर हुई।
विस्तार
सीहोर के बुधनी नगर में सोमवार को दो मासूम बच्चों के अपहरण की खबर फैलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। शुरुआत में सोशल मीडिया पर यह अफवाह फैली कि किसी अज्ञात महिला ने बच्चों को उठा लिया है। लेकिन जब पुलिस ने CCTV फुटेज खंगाले तो सच्चाई सामने आ गई। अपहरणकर्ता कोई और नहीं, बल्कि बच्चों की अपनी मां ही निकली। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों बच्चों को सुरक्षित बरामद कर लिया। CCTV फुटेज में काली साड़ी पहनी महिला और हेलमेट लगाए एक युवक बाइक पर नजर आए। यही लोग बच्चों को स्कूल बस से उतरने के बाद अपने साथ ले जाते दिखे।
मां निकली अपहरणकर्ता
जांच में सामने आया कि बच्चों को उठाने वाली महिला उनकी सगी मां नीरजपुरी उर्फ नीतू (29) है। वह पहले से ही घात लगाए बैठी थी और जैसे ही बच्चे बस से उतरे, उसने उन्हें बाइक पर बैठाकर युवक के साथ भगा लिया। पुलिस पड़ताल में खुलासा हुआ कि नीतू और उसके पति मुकेश पुरी के बीच पिछले कुछ महीनों से विवाद चल रहा है। मामला फिलहाल बैतूल जिला न्यायालय में विचाराधीन है। अदालत ने बच्चों की देखरेख की जिम्मेदारी पिता को सौंपी थी। इसी वजह से बच्चे अपने दादा-दादी के साथ बुधनी में रह रहे थे।
दादी को पहले से था शक
पुलिस की तत्परता
सूचना मिलते ही नगर निरीक्षक चैन सिंह रघुवंशी ने टीम के साथ जांच शुरू की। मां के मोबाइल की लोकेशन ट्रेस की गई और बिलकिसगंज थाना क्षेत्र में नाकेबंदी कराई गई। इसी दौरान पुलिस ने मां, बाइक सवार युवक और दोनों बच्चों को सुरक्षित अभिरक्षा में ले लिया।
स्कूल प्रबंधन की गवाही
घटना से पहले मां स्कूल भी पहुंची थी और बच्चों को अपने साथ ले जाने की जिद की थी, लेकिन प्रबंधन ने पिता या दादा-दादी की अनुमति के बिना बच्चों को देने से मना कर दिया। इसके बाद उसने रास्ते में बच्चों को रोककर ले जाने की योजना बनाई।पुलिस ने बाइक सवार युवक की पहचान शंभू पुरी के रूप में की है, जो मंदसौर का निवासी है। वह नीतू के साथ रह रहा था और बच्चों को ले जाने में उसकी मदद कर रहा था। दोनों को पुलिस अभिरक्षा में रखा गया है और मामले की जांच जारी है।
ये भी पढ़ें- Indore News: अनवर कादरी पर धोखाधड़ी के मामले में FIR, फर्जी दस्तावेज से महिला का मकान बेचने का आरोप
मां का बयान
पूछताछ में नीतू ने कहा कि पति और ससुराल वाले न तो उसे बच्चों से मिलने देते थे और न ही उनसे बात करने की इजाजत। यही कारण था कि उसने बच्चों को अपने साथ ले जाने का फैसला किया। हालांकि, कानून की नजर में यह कदम अपहरण माना जा रहा है। वहीं, नगर निरीक्षक चैन सिंह रघुवंशी ने बताया कि सूचना मिलते ही कार्रवाई की गई। CCTV फुटेज और मोबाइल लोकेशन की मदद से बच्चों को सुरक्षित बरामद कर लिया गया है। अब आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
ये भी पढ़ें- MP News: भाजपा MLA संजय पाठक की मुश्किलें बढ़ी, एसटी आयोग ने पांच जिलों से मांगी जांच रिपोर्ट
