सतना डबल मर्डर: पहले युवक को कार से कुचला, फिर प्रेमी युगल को मार दी गोली
मध्य प्रदेश के सतना से ऑनर किलिंग का मामला सामने आया है। जिले में एक प्रेमी युगल की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस अभी आरोपियों का पता नहीं लगा सकी है। जानकारी के मुताबिक, जिले के एक इलाके में प्रेमी जोड़ा कार में सवार होकर चित्रकूट की ओर जा रहा था, तभी दिनदहाड़े किसी ने उन्हें गोली मार दी। यह घटना शहर में आग की तरह फैल गई, जिससे लोग हैरान हैं।
पुलिस को है ऑनर किलिंग की आशंका
पुलिस को आशंका है कि यह ऑनर किलिंग का मामला है। ऐसे में पुलिस प्रशासन सचेत हो गई है और मामले की जांच कर हत्यारों का पता लगा रही है। इसके लिए पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज की भी जांच कर रही है। साथ ही लोगों से पूछताछ भी की जा रही है। पुलिस के अनुसार यह घटना रविवार को सतना के नया गांव थाना क्षेत्र के पास की है। इस दोहरे हत्याकांड में मृतक युवक की पहचान एक भाटिया शराब कंपनी के मैनेजर अनुज दिक्षित जबकि मृतक युवती अनुज की सहयोगी थी।
डबल मर्डर की वजह का पता लगा रही पुलिस
बताया जा रहा है कि दोनों रविवार की दोपहर 3 बजे कार में सवार होकर सतना से चित्रकूट की ओर जा रहे थे। तभी दूसरी कार में कुछ अज्ञात लोग आ गए। उन्होंने प्रेमी जोड़े की कार रुकवाने की कोशिश की। इस बीच उन्होंने गोलियां चला दी, जिससे कार थोड़ी दूर जाकर पटल गई। इस दौरान अपराधियों ने युवक को अपनी कार से कुचल दिया और फिर दोनों को ही गोली मारकर मौके से फरार हो गए। सरेआम हत्या की वारदात से जिले में सनसनी फैल गई है। इस डबल मर्डर की सूचना मिलते ही सतना जिले के एडिशनल एसपी सुरेंद्र कुमार जैन घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने पूरी घटना का जायजा लिया। वहीं फॉरेंसिक टीम भी जांच के लिए बुलाई गई। पुलिस डबल मर्डर की वजह का पता लगाने में जुटी है।
