Sagar News: बुजुर्ग की हत्या कर फरार हुआ इनामी आरोपी गिरफ्तार, मामूली विवाद में पत्थर पटककर मार डाला था
सागर जिले के आगासौद थाना क्षेत्र में बुजुर्ग व्यक्ति की हत्या कर फरार हुए आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर दो हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। हत्या के बाद आरोपी बेतवा नदी के किनारे-किनारे पैदल चलते हुए पुलिस से बचने का प्रयास कर रहा था।
15 नवंबर को आगासौद गांव में मामूली विवाद के चलते 61 वर्षीय उधम सिंह की पत्थर पटक कर हत्या कर दी गई थी। हत्या के बाद आरोपी नीलेश कुशवाहा मौके से फरार हो गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीओपी नितेश पटेल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी राधेश्याम पटेल ने आरोपी की तलाश के लिए टीम गठित की। आसपास के जिलों और उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में तलाशी अभियान चलाया गया।
लगातार फरार रहने के कारण पुलिस अधीक्षक ने आरोपी पर दो हजार रुपये का इनाम घोषित किया। आरोपी की गिरफ्तारी में कई चुनौतियां सामने आईं, क्योंकि वह मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करता था और बेतवा नदी के किनारे छिपते हुए फरारी काट रहा था।
पुलिस की कड़ी मशक्कत के बाद आरोपी को ग्राम कंजिया के पास बेतवा नदी के किनारे से गिरफ्तार कर लिया गया। थाना प्रभारी राधेश्याम पटेल ने बताया कि आरोपी को पकड़ने में पुलिस टीम ने दिन-रात मेहनत की। इस गिरफ्तारी के बाद स्थानीय निवासियों ने राहत की सांस ली है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

आरोपी गिरफ्तार

आरोपी गिरफ्तार
