सागर: जहरीली शराब कांड के बाद प्रशासन सख्त, बंडा-शाहगढ़ की 100 से अधिक पंचायतों में चलेगा नशामुक्ति अभियान
जहरीली शराब की घटना के बाद सागर प्रशासन ने बंडा-शाहगढ़ क्षेत्र की 100 से अधिक ग्राम पंचायतों में नशामुक्ति अभियान शुरू करने के निर्देश दिए हैं। 9 से 19 सितंबर तक दो पालियों में मुनादी और आयोजनों से ग्रामीणों को जागरूक किया जाएगा।
विस्तार
बंडा विधानसभा क्षेत्र में हुई जहरीली शराब की घटना के बाद जिला प्रशासन एक्शन मोड में आ गया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर प्रतिभा पाल ने बंडा और शाहगढ़ क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में विशेष नशामुक्ति जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। अभियान का उद्देश्य ग्रामीणों को नशे के घातक दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना और अवैध शराब व अन्य नशीले पदार्थों के सेवन पर प्रभावी अंकुश लगाना है। कलेक्टर पाल ने स्पष्ट किया है कि प्रशासनिक कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने प्रशासनिक और स्वास्थ्य अमले को आपसी समन्वय के साथ पूरी तत्परता से काम करने और परिणाममूलक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
100 से अधिक ग्राम पंचायतों में चलेगा अभियान
जारी आदेश के अनुसार, जनपद पंचायत बंडा और शाहगढ़ के अंतर्गत आने वाली 100 से अधिक ग्राम पंचायतों में विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। यह अभियान 9 सितंबर से 19 सितंबर 2026 तक निर्धारित ग्राम पंचायतों में संचालित होगा। इस दौरान गांवों में मुनादी और विशेष आयोजनों के माध्यम से लोगों को अवैध शराब और अन्य नशीले पदार्थों से दूर रहने के लिए जागरूक किया जाएगा।
पढ़ें: ‘जब भगवान खुद नहीं हटना चाहते तो क्यों हटाएं’?: खड़े हनुमान जी की प्रतिमा को लेकर संतों का विरोध, देखें वीडियो
दो पालियों में काम करेंगे जागरूकता दल
अभियान को प्रभावी बनाने के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर विशेष जनजागरूकता दलों का गठन किया गया है। इसके साथ ही अभियान के लिए नोडल अधिकारियों की नियुक्ति भी की गई है। जागरूकता अभियान प्रतिदिन दो पालियों में चलेगा। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली शाम 4 बजे से 6 बजे तक होगी। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक ग्रामीणों तक नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश पहुंचाना है।
