सागर जहरीली शराब कांड: 11 की मौत के बाद बंडा अस्पताल पहुंचे सांसद-विधायक और अफसर, मरीजों का जाना हाल
सागर के बंडा क्षेत्र में संदिग्ध जहरीली शराब से 11 लोगों की मौत के बाद सांसद, विधायक और अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर मरीजों का हाल जाना। सांसद ने मुफ्त और बेहतर इलाज के निर्देश दिए। प्रभावित शराब दुकानें सील कर सैंपलिंग कराई जा रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सागर के बंडा क्षेत्र में संदिग्ध जहरीली शराब के सेवन से 11 लोगों की मौत के बाद जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हो गया है। बीमार लोगों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के लिए दमोह लोकसभा क्षेत्र के सांसद राहुल सिंह लोधी, बंडा विधायक वीरेंद्र सिंह, आबकारी आयुक्त दीपक सक्सेना, कलेक्टर प्रतिभा पाल और एसपी अनुराग सुजानिया बंडा सिविल अस्पताल पहुंचे।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने अस्पताल के वार्डों में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से मुलाकात कर स्वास्थ्य की जानकारी ली। इस दौरान सांसद राहुल सिंह लोधी ने डॉक्टरों को सभी मरीजों का विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में बेहतर और नि:शुल्क इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इलाज में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पढ़ें: कुछ ही देर में अकड़ने लगे हाथ-पैर, शरीर पर पड़े नीले निशान; दहला देगी कहानी
आबकारी आयुक्त दीपक सक्सेना और कलेक्टर प्रतिभा पाल ने बताया कि मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है। एहतियात के तौर पर प्रभावित क्षेत्रों की शराब दुकानों को सील कर दिया गया है और शराब के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे जा रहे हैं। अस्पताल के निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ जगदीश गोमे, अपर कलेक्टर अविनाश रावत, जिलाध्यक्ष रानी कुशवाहा समेत अन्य जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और आबकारी विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य अस्पताल पहुंचीं
बंडा क्षेत्र में संदिग्ध जहरीली एवं अवैध शराब के सेवन से प्रभावित मरीजों के उपचार और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की जानकारी लेने के लिए अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य दीपाली रस्तोगी बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) और जिला अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने उपचाररत मरीजों और उनके परिजनों से चर्चा कर स्वास्थ्य की स्थिति और उपचार व्यवस्था की जानकारी ली।
बीएमसी के निरीक्षण के दौरान एसीएस रस्तोगी गहन परीक्षण कक्ष में पहुंचीं और उपचाररत मरीजों का हाल जाना। उन्होंने मरीजों से चर्चा कर उनके स्वास्थ्य और उपचार की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने संभागायुक्त अनिल सुचारी और कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल से घटनाक्रम तथा मरीजों के उपचार की स्थिति के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
