{"_id":"6a7e31c7c420c5823e032072","slug":"five-kilograms-of-gold-looted-from-a-businessman-on-a-bus-a-search-for-the-miscreants-is-underway-following-a-blockade-ratlam-news-c-1-1-noi1428-4611432-2026-08-14","type":"story","status":"publish","title_hn":"बड़ी वारदात: बदमाशों ने व्यापारी से पांच किलो सोना लूटा, चालाकी से पहले बस रुकवाई फिर बैग छीनकर भागे","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
बड़ी वारदात: बदमाशों ने व्यापारी से पांच किलो सोना लूटा, चालाकी से पहले बस रुकवाई फिर बैग छीनकर भागे
Fri, 14 Aug 2026 07:16 AM IST
रतलाम ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रतलाम
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रतलाम
Published by: रतलाम ब्यूरो
Updated Fri, 14 Aug 2026 07:16 AM IST
सार
रतलाम के सराफा व्यापारी से महू-नीमच हाईवे पर बस में करीब पांच किलो सोने के जेवरों से भरा बैग लूट लिया गया। जेवरों की कीमत करीब 7.5 करोड़ रुपये बताई गई है। इतनी बड़ी लूट के बाद सनसनी मच गई। बड़े अफसर भी मौके पर पहुंचे औऱ नाकाबंदी करवाई गई। हालांकि बदमाशों का कोई पता नहीं चल सका।
विज्ञापन
रतलाम में पांच किलो सोना लूटे जाने का मामला सामने आया है।
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
महू-नीमच हाईवे पर रतलाम जिले के रेन-मऊ फंटे के पास गुरुवार रात बस में सवार रतलाम के सराफा व्यापारी के साथ बड़ी लूट होने की खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि व्यापारी उज्जैन जिले के बड़नगर से बस में सवार होकर रतलाम लौट रहा था, तभी रास्ते में बस में सवार कुछ बदमाश उसका सोने के जेवरों से भरा बैग लूट कर भाग निकले। पुलिस के अनुसार व्यापारी ने बताया कि बस में करीब पांच किलो सोने के जेवर थे। इन जेवरों की कीमत करीब साढ़े सात करोड़ रुपये है। लूट की खबर से सनसनी फैल गई। पुलिस के अनुसार घटना स्थल के आसपास के क्षेत्रों में नाकाबंदी कर मामले की जांच की जा रही है।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार रतलाम शहर की जैन कॉलोनी निवासी सराफा व्यापारी अर्पित चौरड़िया आसपास के क्षेत्रों में जेवर बेचने का जाते हैं। वे बड़नगर क्षेत्र में जेवर बेचने गए थे और गुरुवार रात करीब सवा आठ बजे बड़नगर से रतलाम आने के लिए एक बस में सवार हुए थे। बड़नगर से ही चार-पांच यात्री भी उनके साथ बस में सवार हुए थे। घटना रात करीब सवा नौ बजे बिलपांक थाना क्षेत्र के रेन-मऊ फंटे के पास होना बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार व्यापारी अर्पित चौरड़िया ने बताया कि जब बस बिलपांक टोल नाके से कुछ दूरी पर रेन-मऊ फंटे के पास पहुंची, तब एक यात्री ने बस को रुकवाई और वह नीचे उतरा, इसी बीच बस में सवार दो अन्य बदमाशों ने उससे सोने के जेवरों का बैग छीना और बस से उतरकर अन्य साथियों के साथ भाग निकले। इसके बाद बस चिकलिया टोल नाके के आगे धराड़ पुलिस चौकी के पास पहुंची तो व्यापारी वहां बस से उतरे तथा पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर बिलपांक थाना प्रभारी अय्यूब खान व पुलिस बल के साथ धराड़ पहुंचे तथा व्यापारी से जानकारी लेकर वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी।
विज्ञापन
ये भी पढ़ें- पत्नी उसी कमरे में सो रही थीं, अचानक चली गोली; गढ़ी रियासत के वंशज की हो गई मौत
विज्ञापन
टीमों को लगाकर नाकाबंदी की
सूचना मिलने पर डीआईजी निमिष अग्रवाल, एसपी अमित कुमार, एएसपी (रतलाम ग्रामीण) विवेक कुमार और एएसपी (रतलाम शहर) राकेश पंद्रो, एसडीओपी किशोर पाटनवाला आदि भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने अलग-अलग टीमें बनाकर नाकाबंदी कराई। डॉग स्क्वाड की सहायता से घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में देर रात तक सर्चिंग की गई लेकिन बदमाशों का पता नहीं चल पाया। वारदात में पांच बदमाशों के होने की आशंका है। बिलापांक थाना प्रभारी अय्यूब खान ने बताया कि व्यापारी से घटना की जानकारी ली गई है। व्यापारी ने बताया कि वह बड़नगर से बस में सवार हुआ था। बैग में पांच किलो सोना था। रास्ते में एक यात्री ने बस को रुकवाया, इसके बाद बदमाश उसका जेवरों से भरा बैग लेकर भाग गए। घटना स्थल के आसपास के सभी रास्तों में नाकाबंदी कराई जाकर जांच की जा रही है।
