शादी के दस दिन बाद दिया बच्चे को जन्म, सच सुनकर उड़े ससुरालवालों के होश
शादी के दस दिन बाद एक नवविवाहिता ने बच्चे को जन्म दिया तो ससुरालवालों के होश उड़ गए। विवाहिता से पूछताछ की गई तो जो सच सामने आया वो चौंकाने वाला था लेकिन दूसरी कहानियों की तरह यहां महिला के चरित्र और चाल चलन पर शक नहीं किया गया बल्कि परिजनों ने जो कदम उठाया वो एक मिसाल बन गया।
आइए अब आपको तफशील से बताते हैं पूरा मामला। टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के अनुसार यह वाकया है रायसेन जिले का। यहां एक युवती की शादी बीते सात जुलाई को एक युवक से हुई थी।
शादी के दस दिन बाद ही युवती ने एक लड़के को जन्म दे दिया। ससुरालवालों ने बच्चे के पिता के बारे में पूछा तो युवती ने रोते हुए बताया कि उसके गांव के काशीराम सिलावत (22) ने उससे बलात्कार किया था। ससुरालवालों ने इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
पुलिस ने बताया कि युवती के माता पिता नहीं हैं वह अपने भाई बहन के साथ परवलिया इलाके में रहती थी। इसी दौरान गांव के काशीराम ने डरा धमकाकर उससे बलात्कार किया। युवक का खौफ इस कदर था कि युवती ने घटना के संबंध में किसी को नहीं बताया और चुपचाप रही।
दस दिन पहले ही हुई थी युवती की शादी
पुलिस के अनुसार युवती की सगाई सालभर पहले रायसेन जिले के मोतीपुरा में रहने वाले एक युवक से हुई थी। इस दौरान उसका पति भी उससे मिलने जाता रहा था, इस बीच उसके भी कई बार युवती से संबंध बने थे। बीते सात जुलाई को उसकी शादी उस युवक से हो गई।
युवती इतनी हष्ट पुष्ट थी कि शादी के बाद दस दिन साथ रहने के बाद भी ससुरालवालों को उसके गर्भवती होने का पता नहीं चल सका। पुलिस ने बताया कि आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
युवती के बच्चे का डीएनए टेस्ट भी कराया जाएगा जिससे उसके असली पिता का पता चल सके। वहीं बच्चे के जन्म के बाद ससुरालवालों ने युवती का सहयोग करते हुए उसे बच्चे के साथ ही स्वीकार कर लिया है। घरवालों का कहना है कि इसमें युवती का कुछ गुनाह नहीं है।
