जज के कहने पर पति ने पत्नी को भेंट की साड़ी, मिनटों में निपटा तलाक का मुकदमा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अपने अनोखे निर्णयों के कारण चर्चा में रहने वाले मध्यप्रदेश के एक जज तलाक के एक मामले को अनोखे तरीके से निपटाकर फिर चर्चाओं में आ गए हैं। एक दूसरे से अलग रहने का पक्का इरादा कर जज की अदालत में पहुंचे दंपति को जज ने कुछ इस अंदाज में समझाया कि दोनों फिर एक दूसरे का हाथ थामकर बाहर निकले।
टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के अनुसार मामला मध्यप्रदेश के खारगोन जिले का है। चीफ ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट गंगाचरण दूबे की अदालत में बीते सोमवार को पति पत्नी के तलाक का एक मामला पहुंचा था।
पत्नी अपने पति से तलाक लेने की जिद पर अड़ी थी, तभी पति संजू ने एक पैकेट से साड़ी निकालकर पत्नी रानू की तरफ बढ़ाई और कहा तुम बहुत सुंदर हो और जब इसे पहन लोगी तो बहुत सुंदर दिखोगी। यह नजारा देखकर कर हर कोई हतप्रभ रह गया।
वहीं कोर्ट में मौजूद जज ने रानू से कहा अब तुम्हारा पति तुम्हारा ख्याल रखेगा। यह सुनते ही रानू का गुस्सा भी कुछ शांत हो गया और वो पति के साथ जाने के लिए तैयार हो गई। इसके बाद पति पत्नी दोनों हंसी खुशी एक दूसरे का हाथ कोर्ट रूम से बाहर निकले।
पति से तलाक लेने की जिद पर अड़ी थी पत्नी
असल में पति पत्नी के विवाद के बाद तलाक का यह मामला जज गंगाचरण दूबे की अदालत में पहुंचा था। जज दूबे ने जब पत्नी रानू से बात की तो उन्होंने महसूस किया कि वह खुद को अकेला और उपेक्षित महसूस करती है।
इस पर उन्होंने उसके पति संजू से बात की और उसे एक साड़ी खरीदने के लिए कहा। जज ने उसे आदेश दिया कि जब तुम अदालत में अपनी पत्नी के सामने पहुंचो तो उक्त लाइनें कहकर उससे बात करना। जज ने उसे यह भी समझाया कि आने से पहले इन्हें अच्छी तरह दोहरा लेना।
संजू ने यही किया और उसका काम बन गया। वहीं इस मामले पर जज ने आदेश देते हुए कहा की महिलाएं दिनभर घर में कड़ी मेहनत करती हैं ऐसे में उन्हें देखभाल और सराहना की जरूरत होती है। बता दें कि पति पत्नी के झगडों को जज गंगाचरण दूबे इसी अंदाज में सुलझाकर चर्चा में रहते हैं। पूर्व में भी पति पत्नी के झगड़े को उन्होंने आईसक्रीम खिलवाकर सुलझा दिया था।
