{"_id":"6aa7d8c098f9ac482a00d35c","slug":"rampage-by-youths-near-sphatik-shila-15-20-youths-vandalized-a-tea-stall-incident-captured-on-cctv-maihar-news-c-1-1-noi1431-4722327-2026-09-14","type":"story","status":"publish","title_hn":"उपद्रव: 15-20 युवकों ने चाय दुकान में की तोड़फोड़, संचालक और बेटे से मारपीट; CCTV में कैद हुई पूरी वारदात","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
उपद्रव: 15-20 युवकों ने चाय दुकान में की तोड़फोड़, संचालक और बेटे से मारपीट; CCTV में कैद हुई पूरी वारदात
Mon, 14 Sep 2026 07:33 PM IST
मैहर ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मैहर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मैहर
Published by: मैहर ब्यूरो
Updated Mon, 14 Sep 2026 07:33 PM IST
सार
सतना के चित्रकूट में स्फटिक शिला के पास करीब 15 से 20 युवकों ने चाय दुकान में कथित तौर पर तोड़फोड़ और संचालक व उसके बेटे से मारपीट की। घटना CCTV में कैद हुई। चाय के पैसे को लेकर पुराने विवाद को वजह बताया जा रहा है। पुलिस फुटेज के आधार पर जांच कर रही है।
विज्ञापन
मारपीट की घटना सीसीटीवी में कैद
विस्तार
सतना जिले के धार्मिक और पर्यटन नगरी चित्रकूट में स्फटिक शिला के पास उस समय हंगामे की स्थिति निर्मित हो गई, जब चार पहिया वाहनों से पहुंचे करीब 15 से 20 युवकों ने एक चाय दुकान में कथित तौर पर जमकर तोड़फोड़ कर दी। आरोप है कि युवकों ने दुकान संचालक बृजराज सिंह और उनके बेटे के साथ मारपीट भी की। अचानक हुए इस घटनाक्रम से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है।
विज्ञापन
चार पहिया वाहनों से पहुंचे युवकों का समूह
जानकारी के मुताबिक स्फटिक शिला के पास स्थित मनोहर चाय दुकान पर चार पहिया वाहनों से बड़ी संख्या में युवक पहुंचे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवकों की संख्या करीब 15 से 20 बताई जा रही है। दुकान पर पहुंचने के बाद युवकों ने कथित तौर पर हंगामा शुरू कर दिया आरोप है कि देखते ही देखते युवकों ने दुकान में तोड़फोड़ शुरू कर दी। दुकान में मौजूद सामान को नुकसान पहुंचाया गया। इस दौरान दुकान संचालक बृजराज सिंह और उनके बेटे ने विरोध किया तो उनके साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप है।
विज्ञापन
ये भी पढ़ें- एमपी: शहडोल सांसद हिमाद्री सिंह और नरेंद्र मरावी के तलाक को मिली अदालती मंजूरी, पांच साल से रह रहे थे अलग
विज्ञापन
चाय के पैसे को लेकर हुआ था विवाद
प्रारंभिक जानकारी में घटना के पीछे चाय के पैसे को लेकर हुआ पुराना विवाद बताया जा रहा है। बताया गया है कि कुछ दिन पहले चाय के पैसे नहीं देने को लेकर दुकान संचालक और कुछ युवकों के बीच विवाद हुआ था। इसी विवाद के बाद युवकों के दोबारा दुकान पर पहुंचने और हंगामा करने की बात सामने आ रही है हालांकि विवाद की वास्तविक वजह क्या थी और घटना में कौन-कौन लोग शामिल थे, यह पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
CCTV कैमरे में कैद हुई पूरी घटना
घटना की सबसे अहम बात यह है कि दुकान में लगे CCTV कैमरे में पूरा घटनाक्रम रिकॉर्ड हो गया। फुटेज में बड़ी संख्या में युवक दुकान के आसपास दिखाई दे रहे हैं। घटना के दौरान दुकान में हंगामा और तोड़फोड़ की स्थिति भी कैमरे में कैद हुई है। CCTV फुटेज सामने आने के बाद अब पुलिस के लिए आरोपियों की पहचान करना आसान हो सकता है। पुलिस फुटेज के आधार पर घटना में शामिल युवकों की पहचान करने में जुटी हुई है।
पीड़ित ने चित्रकूट कोतवाली में की शिकायत
घटना के बाद दुकान संचालक बृजराज सिंह ने चित्रकूट कोतवाली थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा CCTV फुटेज और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों को खंगाला जा रहा है पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना में शामिल युवक कौन थे और वे किन वाहनों से मौके पर पहुंचे थे। आरोपियों की पहचान होने के बाद उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।
धार्मिक पर्यटन स्थल पर घटना से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
स्फटिक शिला चित्रकूट के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों में शामिल है। ऐसे स्थान के पास बड़ी संख्या में युवकों के पहुंचकर हंगामा करने और दुकान संचालक के साथ कथित मारपीट की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि धार्मिक और पर्यटन स्थलों पर इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए निगरानी व्यवस्था मजबूत किए जाने की जरूरत है। फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि विवाद की शुरुआत किस बात को लेकर हुई और घटना में कितने लोग शामिल थे पुलिस की जांच और CCTV फुटेज के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

मारपीट की घटना सीसीटीवी में कैद
