{"_id":"60e1effd8ebc3ec76d4ce594","slug":"madhya-pradesh-seeing-the-dharna-on-the-road-driver-taken-the-bus-on-the-footpath-the-woman-died-due-to-electrocution-five-injured","type":"story","status":"publish","title_hn":"मध्यप्रदेश: सड़क पर धरना देख ड्राइवर पगडंडी रास्ते पर ले गया बस, करंट लगने से महिला की मौत, पांच झुलसे","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
मध्यप्रदेश: सड़क पर धरना देख ड्राइवर पगडंडी रास्ते पर ले गया बस, करंट लगने से महिला की मौत, पांच झुलसे
Sun, 04 Jul 2021 10:59 PM IST
सुरेंद्र जोशी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, टीकमगढ़
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, टीकमगढ़
Published by: सुरेंद्र जोशी
Updated Sun, 04 Jul 2021 10:59 PM IST
सार
मप्र के टीकमगढ़ जिले में रविवार को एक बस में करंट फैल गया। झांसी जा रही बस को ड्राइवर पगडंडी रास्ते पर ले गया था। तभी बस हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गई।
विज्ञापन
सांकेतिक चित्र
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
मध्यप्रदेश के टीकमगढ़ जिला मुख्यालय से करीब 22 किलोमीटर दूर कुर्राई में रविवार को एक निजी बस के हाईटेंशन विद्युत तार की चपेट में आ गई। इससे बस में सवार 30 वर्षीय एक महिला की मौत हो गई और दो महिलाओं समेत पांच अन्य यात्री बुरी तरह झुलस गए।
विज्ञापन
टीकमगढ़ जिले के दिगौड़ा पुलिस थाना प्रभारी मैना पटेल ने बताया कि यह बस टीकमगढ़ से झांसी जा रही थी और उसमें लगभग 24 यात्री सवार थे। उन्होंने कहा कि टीकमगढ़-झांसी मार्ग पर कुर्राई के सैकड़ों लोग पेयजल की समस्या के निदान की मांग को लेकर धरने पर बैठे थे जिससे उस मार्ग पर यातायात पूरी तरह से ठप था।
विज्ञापन
पटेल ने बताया कि यह बस चालक अपने वाहन को जंगल के पगडंडी रास्ते से निकाल कर ले जा रहा था, तभी बस हाईटेंशन तार से टकरा गई, जिसकी वजह से बस में सवार एक अज्ञात महिला की करंट लगने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि महिपेन्द्र पाठक (30), विमला देवी (30), आरती (28), पलटू अहिरवार (45) एवं अजय (28) बुरी तरह झुलस गए।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि हादसे में झुलसे घायलों का उपचार यहां टीकमगढ़ जिला चिकित्सालय में किया जा रहा है। पटेल ने बताया कि घटना के वक्त वहां धरना दे रहे लोगों को समझाइश दे रही थी, इसलिए सूचना मिलते ही तत्काल मौके पर पहुंच कर झुलसे यात्रियों को अस्पताल भेजा।
उन्होंने बताया कि घटना के बाद बस चालक एवं परिचालक वाहन को मौके पर छोड़ कर भाग गए। पटेल ने बताया कि इस मामले में दिगौड़ा पुलिस थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है और विस्तृत जांच जारी है।
