मध्यप्रदेश का ये सरकारी निकाय चाहता है मीट पर पूर्ण प्रतिबंध
मध्यप्रदेश के एक बीजेपी कार्यकर्ता जिन्होंने फिल्म निर्माता संजय लीला भंसाली को थप्पड़ मारने पर ईनाम की घोषण की थी, वो फिर अपनी फेसबुक पोस्ट की वजह से चर्चा में हैं। ये बीजेपी कार्यकर्ता नर्मदा के तट पर बसे और भोपाल से 70 किलोमीटर दूर होशंगाबाद जैसे शहर में पूरी तरह से मांस पर प्रतिबंध चाहता है। अखिलेश खंडेलवाल होशंगाबाद के नगरपालिका अध्यक्ष हैं और शहर को पूर्ण रूप से शाकाहारी बनाना चाहते हैं।
अखिलेश ने रविवार सुबह 10 बजे अपनी फेसबुक वॉल पर एक पोस्ट शेयर की जिसमें उन्होंने पूछा कि "क्या होशंगाबाद में मांस, मटन और मछली का विक्रय प्रतिबंधित होना चाहिए"।
उनकी फेसबुक पोस्ट पर कुछ ही मिनटों में लोगों ने टिप्पणियां करनी शुरू कर दीं। इस पोस्ट पर अबतक 500 लाइक्स और 322 टिप्पणियां आ चुकी हैं। इनमें से ज्यादातर लोग शाकाहार के पक्ष में हैं। वहीं कुछ लोगों ने अखिलेश के कमेंट पर चिंता व्यक्त की है।
मध्यप्रदेश में मीट पर प्रतिबंध लगना चाहिए
अपनी पोस्ट के वायरल होने के बाद खंडेलवाल ने रविवार को कहा ये भी कहा कि जो सीएम योगी आदित्यनाथ यूपी में कर रहे हैं मैं उसकी सराहना करता हूं। मध्यप्रदेश में मीट पर प्रतिबंध लगना चाहिए, खासकर होशंगाबाद जैसे शहरों में जो कि नर्मदा के किनारे हैं।
उन्होंने कहा कि वो अपनी पोस्ट पर आ रही टिप्पणियों के लिए एक हफ्ते तक इंतजार करेंगे। हालांकि कुछ लोगों ने उनके इस पोस्ट पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा है कि इससे लोगों की जीविका पर असर पड़ेगा।
बहादुर सिंह राजपूत खंडेलवाल की पोस्ट पर टिप्पणी करते हुए लिखते हैं कि जिले में मीट बैन शहर के हित में है, लेकिन नगरपालिका ऐसा करने में समर्थ नहीं है। अगर वो ऐसा करते है तो बीजेपी का वोट बैंक खिसक जाएगा। वहीं सागर अनंत लिखते हैं कि कोई भी कानून फूड आइटम्स पर बैन की इजाजत नहीं देता।
