मप्र: भाजपा की महिला सांसद ने तलवार से काटा केक, लोगों ने पूछा- क्या संदेश देना चाहती हैं?
केक कटिंग की तस्वीरें खुद रीति पाठक ने ट्वीट की थीं, जहां से अब वे सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। वायरल तस्वीर को लेकर अब सवाल उठने लगे हैं। सोशल मीडिया पर लोग सवाल पूछ रहे हैं कि आखिर तलवार से केक काटकर सांसद क्या संदेश देना चाहती हैं।
विस्तार
मध्यप्रदेश में भाजपा की महिला सांसद की तस्वीरें सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही हैं, जिसमें वह तलवार से केट कट करती नजर आ रहीं हैं। दरअसल, सीधी-सिंगरौली की सांसद रीति पाठक ने अपना जन्मदिन समर्थकों के साथ मनाया। इस दौरान उन्होंने तलवार से केट काटा। तलवार के केक काटते हुए तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हैं। तस्वीर में सांसद रीति पाठक के अलावा भाजपा जिला अध्यक्ष और दो विधायक भी साथ नजर आ रहे हैं।
भाजपा सांसद रीति पाठक का 1 जुलाई को जन्मदिन था। उस दिन सुबह से ही पार्टी के नेताओं और समर्थकों का बधाई देने के लिए तांता लगा हुआ था। इस मौके पर सांसद रीति पाठक ने एनटीपीसी परिसर स्थित सूर्या भवन में जन्मदिन मनाया जन्मदिन का केक सिंगरौली विधायक राम लल्लू वैश्य, देवसर विधायक सुभाष रामचरित्र वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष सिंगरौली वीरेंद्र गोयल और युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष विनोद चौबे की उपस्थिति में तलवार से काटा गया।
केक कटिंग की तस्वीरें शेयर कर घिरीं रिति पाठक
केक कटिंग की तस्वीरें खुद रीति पाठक ने ट्वीट की थीं, जहां से अब वे सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। वायरल तस्वीर को लेकर अब सवाल उठने लगे हैं। सोशल मीडिया पर लोग सवाल पूछ रहे हैं कि आखिर तलवार से केक काटकर सांसद क्या संदेश देना चाहती हैं। कांग्रेस ने भी इस तस्वीर को लेकर तंज कसा है।
कल भारतीय जनता पार्टी व भाजयुमो सिंगरौली द्वारा मेरा जन्मदिवस मनाया गया । विधायक द्वय श्री रामलल्लू वैश्य जी,श्री सुभाष वर्मा जी,जिलाध्यक्ष श्री वीरेंद्र गोयल जी सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे । आप सभी का आभार। pic.twitter.com/PijaLUSAle
— Riti Pathak (@RitiPathakSidhi) July 2, 2021
बता दें कि रीति पाठक दूसरी बार सांसद चुनी गई हैं। इससे पहले वह वर्ष 2014 का लोकसभा चुनाव जीतकर संसद पहुंची थीं। वह अपने संसदीय क्षेत्र में काफी एक्टिव रहती हैं। हालांकि, अभी तक वायरल तस्वीर पर उनकी कोई सफाई नहीं आई है। बीते दिनों उन्होंने अपने लेटर पैड के दुरुपयोग को लेकर शिकायत दर्ज करवाई थी। जांच में यह बात सामने आई थी कि अफसर ने ही सांसद के लेटर पैड के साथ फर्जीवाड़ा किया था।
