एमपी: जबलपुर में हार्वेस्टर ने बाइक को मारी टक्कर, एक युवक की मौत, दो गंभीर घायल; दूसरे हादसे में भी गई जान
जबलपुर के खमरिया क्षेत्र में हार्वेस्टर की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार कार्तिक कुशवाहा की मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर घायल हैं। वहीं, सड़क हादसे में घायल भारत सिंह उईके ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
विस्तार
खमरिया थाना क्षेत्र में मंगलवार रात हार्वेस्टर की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, सड़क हादसे में घायल एक अन्य युवक की भी इलाज के दौरान मौत हो गई।
खमरिया पुलिस ने बताया कि मोटरसाइकिल (एमपी 20 एमई 8093) पर सवार होकर कार्तिक कुशवाहा, अंकित गोटिया और रंजीत कुशवाहा सोनपुर से घाना जा रहे थे। मोटरसाइकिल कार्तिक चला रहा था। मंगलवार रात करीब 8:15 बजे सोनपुर मोड़ से घाना रोड पर पुलिया के पास सामने से आ रहे हार्वेस्टर (एमपी 04 डीबी 2535) के चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से तीनों युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गए। हादसे में कार्तिक के सिर, माथे, नाक के पास, दोनों हाथ, सीने और पैरों में गंभीर चोटें आईं। दुर्घटना में मोटरसाइकिल भी क्षतिग्रस्त हो गई। तीनों घायलों को तत्काल ओएफके अस्पताल खमरिया ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद कार्तिक कुशवाहा को मृत घोषित कर दिया। वहीं, दोनों घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही हार्वेस्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सड़क हादसे में घायल युवक की भी मौत
एक अन्य मामले में बुधवार को मार्बल सिटी अस्पताल से खमरिया पुलिस को सूचना मिली कि सड़क दुर्घटना में घायल भारत सिंह उईके की इलाज के दौरान मौत हो गई है। पुलिस के मुताबिक, 5 नवंबर को मेन रोड बिचुआ पड़रिया, खमरिया में भारत सिंह उईके सड़क हादसे में घायल हो गए थे। उनके भाई मान सिंह ने उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया था। उपचार के दौरान भारत सिंह ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। सूचना पर मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया गया है।
