Jabalpur News: आचार संहिता के दौरान दो हत्या की वारदातों से दहला शहर, घमापुर व पनागर में हुई घटनाएं
Jabalpur News: जिले के घमापुर तथा पनागर थानान्तर्गत गत रात हुई हत्या कर वारदात से आम नागरिकों में दहशत का माहौल है। घमापुर थाना क्षेत्र में विवाद के कारण पड़ोसी परिवार के सदस्यों ने चाकू से गोदकर युवक की हत्या कर दी। पनागर थानान्तर्गत घर में घुसकर महिला की हत्या वारदात को अंजाम दिया गया है।
विस्तार
घमापुर थाने से प्राप्त जानकारी के अनुसार मरघटाई क्षेत्र में मंगलवार की रात जय वंशकार तथा पड़ोस में रहने वाले आकाश कुशवाह से विवाद हो गया था। इसी दौरान आकाश के भाई व परिवार के लोग एकत्र हो गये। उन्होंने जय के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट प्रारंभ कर दी। इसके बाद उन्होंने जय पर चाकुओं से हमला कर लहूलुहान कर दिया। युवक के बेहोश होने पर उसे मृत समझ कर आरोपी फरार हो गया।
बेहोश युवक को परिजन गंभीर अवस्था में उपचार के लिए विक्टोरिया अस्पताल ले गये। डॉक्टरों ने प्रारंभिक जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आकाश तथा उसके भाई के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर आरोपियों के संबंध में पतासाजी प्रारंभ कर दी है।
लाश को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया
इधर, पनागर थानान्तर्गत गुरूनानक वार्ड निवासी 45 वर्षीय अनीता का शव घर के अंदर मिला। महिला के पति का निधन लगभग 6 वर्ष पूर्व हो गया था। महिला अकेले रहती थी और भारण पोषण के लिए सिलाई का काम करती थी। महिला के सिर व चेहरे पर चोट के निशान थे और गले में इनर लिपटा हुआ था। पुलिस ने सूचना मिलने पर पंचनामा कार्रवाई के बाद लाश को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।
