इंदौर में उतर आया पूर्वांचल: डूबते सूर्य को दिया अर्घ्य, हुई छठ मैय्या की पूजा
इंदौर में रविवार को छठ पर्व की रौनक देखते ही बन रही थी। शहर के अलग-अलग इलाकों में बने कुंड और घाट पूर्वांचल की संस्कृति और परंपराओं के रंग में रंगे नजर आए।शहर में आधा दर्जन से अधिक स्थानों पर छठ पूजा का आयोजन किया गया।
विस्तार
इंदौर में कुछ इलाकों में रविवार को लगा कि जैसे वहां पूर्वांचल उतर आया। छठी मैया के गीतों की गूंज, सिर पर पूजा सामग्री लेकर घाटों की ओर बढ़ते श्रद्धालु और डूबते सूर्य को अर्घ्य देती व्रती महिलाएं... हर तरफ आस्था और उत्सव का माहौल था। महिलाएं कुंड में खड़े होकर डूबते सूर्य को अर्घ्य दे रही थीं और अपने परिवार की खुशहाली के लिए कामना कर रही थीं।
इंदौर में विजय नगर, बाणेश्वरी कुंड, संगम नगर, तुलसी नगर, पिपलियाहाना तालाब और अन्नपूर्णा तालाब में रविवार को डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया गया। अस्त होते सूर्य के प्रति श्रद्धा ने पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया। इस परंपरा को देखने के लिए दूसरे समाजों के लोग भी पहुंचे थे।
अन्नपूर्णा क्षेत्र में छठ पूजा के लिए स्थायी रूप से घाट तैयार किया गया है। यहां रविवार को काफी भीड़ उमड़ी। विजय नगर में भी सैकड़ों परिवार पूजा के लिए पहुंचे और डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया। हल्की ठंडक और डूबते सूरज की लालिमा के बीच कुंड में खड़े श्रद्धालु मन ही मन अपनी मनोकामनाएं कर रहे थे।
अंधेरा होने के बाद यहां पटाखे फोड़े गए और आतिशबाजी भी होती रही। छठी मैया को नैवेद्य अर्पित करने के बाद श्रद्धालु ढोलक की थाप पर खूब थिरके। आस्था के साथ उत्सव का रंग भी देखने को मिला। पिपलियाहाना तालाब पर भी छठ पूजा के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। अब ये परिवार सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के लिए फिर तालाब पर जुटेंगे।
इंदौर में 50 हजार से ज्यादा परिवार
इंदौर के अलावा मालवा और निमाड़ क्षेत्र में भी कई स्थानों पर छठ पर्व मनाया जा रहा है। मालवा और निमाड़ क्षेत्र में पूर्वांचल के ढाई लाख से ज्यादा परिवार रहते हैं। इंदौर में सबसे पहले वर्ष 1990 में विजय नगर में छठ पर्व मनाने की शुरुआत हुई थी। अब शहर के अलग-अलग हिस्सों में यह पर्व मनाया जाता है।

