Pithampur Protest: जहरीले कचरे के विरोध में दो ने किया आत्मदाह का प्रयास, अनशन पर बैठे विधायक, बिगड़े हालात
Pithampur Protest: भोपाल गैस त्रासदी के जहरीले कचरे को पीथमपुर में नष्ट किया जाना है। इसका विरोध पीथमपुर की जनता कर रही है। शुक्रवार को विरोध प्रदर्शन के दौरान दो लोगों ने आत्मदाह की कोशिश की है। पुलिस ने लाठीचार्ज भी किया है।
बंद को रहवासियों का पूरा साथ मिला है। हर जगह बंद का असर नजर आ रहा है। कोई भी सड़कों पर कारोबार करता नजर नहीं आ रहा। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि कचरा जलाना शुरू किया तो आंदोलन और भी भड़क जाएगा।
इंदौर से गए कई संगठन
इंदौर से कई संस्थाओं और सामाजिक संगठनों के लोग पीथमपुर गए हैं। बड़ी संख्या में इंदौर में भी लोग इसके खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। मजदूर संघ, किसान संघ, रहवासी संघ और कई संस्थाएं पीथमपुर जाकर विरोध प्रदर्शन में हिस्सा ले रही हैं।
सीएम की अपील का नहीं दिखा असर
कल सीएम मोहन यादव ने विरोध कर रहे लोगों को संतुष्ट करने का प्रयास किया लेकिन उसका कोई असर नहीं दिखा। भोपाल से इंदौर आए 337 टन विषैले कचरे को लेकर जारी विरोध के बीच इंदौर में कैलाश विजयवर्गीय की मौजूदगी में एक बैठक आयोजित की गई। उन्होंने कहा कि हमें भी शहर की चिंता है। रातभर हमने सरकार को सोने नहीं दिया। उन्होंने कहा कि जहरीले कचरे से जनता भयग्रस्त न हो, शंका का समाधान जरूरी है। उन्होंने सभी से बात की लेकिन उनकी बात से भी आंदोलन पर खासा असर नहीं पड़ा। सुबह होते ही लाखों लोग सड़कों पर विरोध प्रदर्शन करने के लिए निकल गए।
मोबाइल नेटवर्क बंद, जैमर लगे
पीथमपुर में भीड़ के गुस्से को देखते हुए पुलिस ने मोबाइल नेटवर्क बंद कर दिया है। मोबाइल जैमर लगे वाहनों को भी कई जगह खड़ा किया गया है। अभी तक दो जगहों पर लाठी चार्ज हुआ है। एक जगह वॉटर केनन का भी प्रयोग हुआ है। इससे कई वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं।
कलेक्टर, एसपी बोले कानून व्यवस्था तोड़ी तो बर्दाश्त नहीं करेंगे
कलेक्टर प्रियंक मिश्र और एसपी मनोज कुमार सिंह धरना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को समझाकर प्रदर्शन खत्म करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह मुद्दा गंभीर है। माननीय न्यायालय के निर्देश पर ही कचरा पीथमपुर लाया गया है। मध्य प्रदेश सरकार किसी भी नागरिक की जान खतरे में नहीं डालना चाहती है। कचरा अभी सिर्फ आया है, बिना प्रोसेस के यह नहीं जलाया जाएगा। प्रशासन और नागरिकों में संवाद से ही हल निकलेगा। कलेक्टर और एसपी लगातार धरना प्रदर्शन करने वाले लोगों से बात कर रहे हैं। उनसे धरना प्रदर्शन खत्म करने की अपील कर रहे हैं। कलेक्टर प्रियंक मिश्र ने कहा कि कोई कानून व्यवस्था तोड़ने का प्रयास करेगा तो बर्दाश्त नहीं करेंगे। हमने धरना प्रदर्शन खत्म करने की अपील की है। प्रदर्शन करने वाले लोग अपने प्रतिनिधियों के जरिए शांति पूर्वक अपनी बात रखें। हम सभी से संवाद कर रहे हैं। लोगों के मन जो संदेह है, उन्हें दूर करने की कोशिश कर रहे हैं।
