Loksabha Election: इंदौर लोकसभा सीट से कांग्रेस में अक्षय का नाम आगे, विधानसभा में मांगा था टिकट
मालवा निमाड़ में कांग्रेस नए चेहरों पर ज्यादा फोकस कर रही है।राजेंद्र मालवीय को कांग्रेस पहले भी विधानसभा चुनाव में टिकट दे चुकी है, लेकिन धार और खरगोन सीट पर राधेश्याम मुवेल और पोरलाल खर्ते नया चेहरा है।
विस्तार
मध्य प्रदेश में कांग्रेस के बचे टिकटों को लेकर मंथन जारी है। मालवा निमाड़ की दो सीटों पर फायनल हो गए है। इंदौर लोकसभा सीट से कांग्रेस नए चेहरे को मौका देना चाहती है। यहां से अक्षय बम का टिकट तय माना जा रहा है।
अक्षय ने विधानसभा चुनाव में चार नंबर विधानसभा सीट से टिकट मांगा था, लेकिन तब उन्हें टिकट नहीं मिला था। अक्षय का नाम प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने बैठक में आगे बढ़ाया था। इस नाम पर कमल नाथ और दिग्विजय सिंह को भी आपत्ति नहीं है। इंदौर से कांग्रेस के टिकट के लिए जीतू पटवारी, अरविंद बागड़ी, अक्षय बम के नाम चर्चा मेें हैै। जातिगत समीकरणों और नए चेहरे के मापदंड पर अक्षय के नंबर बैैठक में बढ़ाने की कोशिश की गई।
नए चेहरों पर ज्यादा फोकस
मालवा निमाड़ में कांग्रेस नए चेहरों पर ज्यादा फोकस कर रही है। अभी तक कांग्रेस ने खरगोन, धार और देवास लोकसभा सीट के लिए उम्मीदवार तय किए है। राजेंद्र मालवीय को कांग्रेस पहले भी विधानसभा चुनाव में टिकट दे चुकी है, लेकिन धार और खरगोन सीट पर राधेश्याम मुवेल और पोरलाल खर्ते नया चेहरा है। कांग्रेस बची अन्य सीटों पर नए चेहरों पर दांव खेेल सकती है। झाबुआ सीट पर कांतिलाल भूरिया की उम्मीदवारी भी लगभग फायनल मानी जा रही है।
काॅलेज संचालक है अक्षय
इंदौर सीट के लिए रेस में सबसे आगे चल रहे अक्षय एक काॅलेज संचालक है। उनका राऊ में एक काॅलेज है। इसके अलावा वे इंदौर में संस्था केशरिया भी संचालित करते है। संस्था के माध्यम से अक्षय समाजसेवा की गतिविधियां चलाते है, हालांकि अक्षय को अभी तक किसी भी चुनाव को लड़ने का अनुभव नहीं हैै।
