इंदौर: गीले कचरे से खाद बनाने के बजाए थैलियों में कर रखा था पैक, इंदौर की शेरेटन होटल पर ढाई लाख का जुर्माना
इंदौर में बड़े होटल और रेस्त्रां अब सफाई और खाद्य सुरक्षा को लेकर नगर निगम और प्रशासन के निशाने पर हैं। नियमों की अनदेखी और कचरा प्रबंधन में लापरवाही पर नगर निगम ने बायपास स्थित पांच सितारा होटल शेरेटन पर ढाई लाख रुपये का जुर्माना लगाया है।
विस्तार
इंदौर में सफाई और दूषित खाद्य पदार्थों के मामले में बड़े होटल और रेस्त्रां अफसरों के निशाने पर हैं। कचरे का निपटान करने के बजाय उसे काली थैलियों में रखने और नियमों का पालन नहीं करने पर नगर निगम ने शहर के पांच सितारा होटल शेरेटन पर ढाई लाख रुपये का जुर्माना लगाया है।
सोमवार को नगर निगम की टीम बायपास स्थित होटल शेरेटन पहुंची। यहां अफसरों ने स्टाफ से पूछा कि कचरा प्रबंधन किस तरह किया जाता है। बड़े होटलों को लेकर नियम है कि गीले कचरे के लिए संयंत्र लगाना जरूरी है लेकिन होटल में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन संबंधी निर्धारित नियमों का पालन नहीं किया जा रहा था।
परिसर में गीले कचरे का निपटान करने वाली ओडब्ल्यूसी मशीन से गीले कचरे से खाद नहीं बनाई जा रही थी। इसके बजाय गीले कचरे को बड़ी काली थैलियों में भरकर रखा जा रहा था। होटल परिसर के एक हिस्से में 30 से ज्यादा थैलियां रखी गई थीं। अफसरों को शंका हुई कि गीले कचरे का निपटान गुपचुप तरीके से और कहीं किया जा रहा है। इसके बाद ढाई लाख रुपये का चालान काटा गया।
आपको बता दें कि पिछले दिनों प्रशासन की टीम ने इंदौर के सयाजी होटल पर भी छापा मारा था। तब वेज और नॉनवेज एक स्थान पर पाया गया था। इसके बाद होटल का किचन सील कर दिया गया था।
