Indore News: पत्नी और ससुरालवालों के खिलाफ नोट लिखकर फोटोग्राफर ने दी जान, 30 लाख की डिमांड ने बढ़ाया तनाव
Indore News इंदौर में एक फोटोग्राफर ने आत्महत्या कर सुसाइड नोट में पत्नी और ससुरालवालों को अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया। उसने शादी के कानून में बदलाव की मांग करते हुए लिखा कि महिलाओं द्वारा इसका दुरुपयोग हो रहा है।
विस्तार
इंदौर के बाणगंगा इलाके में नितिन पडियार (28) नामक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले उसने 14 पन्नों का सुसाइड नोट लिखा, जिसमें अपनी पत्नी और ससुरालवालों पर गंभीर आरोप लगाए। नितिन यादव नंद नगर का निवासी था और इवेंट फोटोग्राफी का काम करता था। सोमवार रात जब उसका बड़ा भाई सूरज उसे खाने के लिए बुलाने गया, तो नितिन को फंदे पर लटका हुआ पाया। सुसाइड नोट में नितिन ने लिखा, "मेरी मौत का जिम्मेदार सिर्फ मेरी पत्नी हर्षा शर्मा, सास सीता शर्मा, साली मीनाक्षी और वर्षा शर्मा हैं। मम्मी, मेरे जाने के बाद रोना मत। मैं वापस तुम्हारा बेटा बनकर आऊंगा। भारत सरकार से विनती है कि शादी के कानून में बदलाव करें, क्योंकि महिलाएं इसका दुरुपयोग कर रही हैं।
30 लाख रुपए मांगे
नितिन और हर्षा की मुलाकात दोस्तों के माध्यम से हुई थी। दोनों ने लिव-इन में रहने के बाद शादी की। 2023 में हर्षा अपने मायके राजस्थान गई और वापस नहीं लौटी। हर्षा ने तलाक और भरण-पोषण का केस दर्ज किया, जिसमें 30 लाख रुपए की मांग की गई। यह बात नितिन के तनाव का कारण बन गई। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अरविंदो अस्पताल भेजा है। मामले की जांच की जा रही है। इस घटना ने महिला सशक्तिकरण कानून के दुरुपयोग को लेकर सवाल खड़े किए हैं।
सुसाइड नोट में जिम्मेदारों के नाम लिखे
नितिन ने 14 पेज के सुसाइड नोट में लिखा- मम्मी सुनो, मेरे जाने के बाद तुम रोना मत और न ही किसी को रोने देना। अगर तुम लोग रोओगे तो मुझे मरने के बाद भी तकलीफ होगी। मम्मी, मैं आऊंगा वापस तुम्हारा बेटा बनके। मेरी मौत का कारण सिर्फ और सिर्फ पत्नी हर्षा शर्मा, सास सीता शर्मा, साली मीनाक्षी और वर्षा शर्मा हैं।
सरकार ने कानून बदलने को कहा
नितिन ने आगे लिखा- मैं नितिन पडियार भारत सरकार से विनती करता हूं कि भारत का कानून बदलें, क्योंकि महिलाएं इस कानून का दुरुपयोग कर रही हैं। अगर आपने यह कानून व्यवस्था नहीं बदली तो रोज कई लड़के और उनके परिवार उजड़ते रहेंगे।
मुझे मरने के बाद भी न्याय चाहिए
नितिन ने सुसाइड नोट में लिखा- भारत के सभी युवाओं से मेरा निवेदन है कि, शादी ना करें और अगर करते भी हैं तो एग्रीमेंट बनवाकर शादी करें और अगर किसी को यह समझ आए कि मेरे साथ बुरा हुआ है तो मेरे मरने के बाद मुझे न्याय दिलाए और अगर समझ ना आए तो खुद की बारी का इंतजार करें।
