इंदौर: मेयर पुष्य मित्र भार्गव ने कहा- इंदौर बनेगा एआई हब, लोगों में लाएंगे जागरुकता
अमेरिका के इंटरनेशनल विजिटर्स लीडरशिप प्रोग्राम से लौटे इंदौर के मेयर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि आने वाला समय एआई का है और शहरों को इसके लिए अभी से तैयार होना होगा। इंदौर को एआई हब के रूप में विकसित करने की दिशा में काम किया जा रहा है।
विस्तार
अमेरिका के इंटरनेशनल विजिटर्स लीडरशिप प्रोग्राम से लौटे मेयर पुष्यमित्र भार्गव ने बताया कि देश के कुछ शहरों को एआई का हब बनाया जा रहा है। इसमें इंदौर भी शामिल है। भोपाल का प्रस्ताव भी भेजा जा रहा है।
एआई को लेकर शहरवासियों को जागरूक किया जाएगा। इंदौर में कुछ कंपनियां एआई के क्षेत्र में काम कर रही हैं। उनकी मदद भी ली जाएगी। उन्होंने बताया कि नगर निगम में ट्रैफिक मैनेजमेंट और ऑनलाइन निगरानी में एआई का उपयोग किया जा रहा है। इससे निगम का कामकाज और कैसे आसान हो इस बारे में भी सोचा जा रहा है। हमारे देश में भी एआई का प्रभाव बढ़ने वाला है।
नौकरियां खत्म नहीं होंगी उनका स्वरूप बदलेगा
पुष्यमित्र भार्गव ने अपने अनुभव बताते हुए कहा कि देश में एआई का उपयोग चार साल पहले शुरू हुआ है लेकिन यह कोई अचानक बनी व्यवस्था नहीं है बल्कि इसके पीछे अमेरिका में पिछले 30-40 वर्षों से तैयारी चल रही थी। एआई भविष्य में चुनौती न बने इसलिए इसे नियंत्रित करने के लिए अमेरिका नीति भी बना रहा है। अमेरिका में पहले भारतीयों को कोडिंग व अन्य आईटी से जुड़े कामों में नौकरी आसानी से मिल जाती थी लेकिन एआई के बाद काफी कुछ बदला है। इस कारण एफ-1 वीजा को लेकर भी सख्ती की जा रही है लेकिन योग्यता के कारण नौकरियों की संभावनाएं हैं।
अमेरिका में काम करने का तरीका भारत से काफी अलग है। भारत में यदि कोई नई तकनीक या क्षेत्र तेजी से विकसित होता है तो सरकार उसके लिए नीति बनाती है जमीन संसाधन और संस्थागत सहयोग उपलब्ध कराती है। अमेरिका में कई मामलों में इंडस्ट्री और निजी क्षेत्र पहले काम शुरू करते हैं। जब किसी स्तर पर नियम या नियमन की आवश्यकता महसूस होती है तब सरकार उसमें हस्तक्षेप करती है।
मेयर ने कहा कि एआई के बारे में सबसे महत्वपूर्ण बात यह समझ में आई कि आने वाले समय में हमें इसके साथ ही जीना होगा। इसलिए शहरवासियों को भी एआई की प्रारंभिक जानकारी और इसके इस्तेमाल की समझ होनी चाहिए। चाहे शिक्षा हो व्यवसाय हो नौकरी हो या परिवार से जुड़ा कोई काम हर क्षेत्र में इसका प्रभाव बढ़ने वाला है।
