इंदौर: शादी के चार माह बाद युवक ने दे दी जान, सुसाइड नोट में बताई पत्नी के अफेयर की वजह
इंदौर के सांवेर रोड क्षेत्र में शादी के चार महीने बाद एक युवक ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। सुसाइड नोट में उसने पत्नी के जीजा संग अफेयर और ससुराल वालों द्वारा 5 लाख रुपये मांगने व झूठे केस में फंसाने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
विस्तार
इंदौर में एक युवक ने शादी के चार महीने बाद जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। उसने एक सुसाइड नोट भी लिखा, जिसमें आत्महत्या की वजह पत्नी का उसके जीजा के साथ अफेयर होना और ससुराल वालों द्वारा परेशान किया जाना बताया। सुसाइड नोट में लगाए गए आरोपों की जांच अब पुलिस करेगी।
मृतक का नाम मनोज, पिता राम है। वह सांवेर रोड क्षेत्र में रहता था। शनिवार को उसने जहर खाया, जिसके बाद परिजन उसे अरविंदो अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मनोज ने आत्महत्या करने से पहले सुसाइड नोट लिखा, जिसमें उसने अपनी पत्नी पर किसी और के साथ अफेयर होने का आरोप लगाया।
उसने यह भी लिखा कि ससुराल पक्ष के लोग शादी के बाद उससे पांच लाख रुपये मांग रहे थे और ऐसा न करने पर झूठे केस में फंसाने की धमकी भी दे रहे थे। इससे परेशान होकर उसने आत्महत्या करने का फैसला लिया। उसने अपने परिजनों से भी माफी मांगी और लिखा कि उसकी वजह से परिवार के लोग भी परेशान होते, इसलिए वह अपनी जान दे रहा है।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि मनोज की चार माह पहले ही शादी हुई थी और उसकी पत्नी अपने एक रिश्तेदार से फोन पर अक्सर बात करती थी। मनोज ने जब उसे टोका, तो वह शादी के कुछ दिनों बाद ही ससुराल छोड़कर मायके चली गई थी। उसने मनोज पर शंकालु होने के आरोप भी लगाए थे। मनोज एक कंपनी में काम करता था।
