इंदौर: इंदौर में गणेशोत्सव की धूम, घरों में विराजे गणपति बप्पा, खजराना में भक्तों की भीड़ उमड़ी
गणपति बप्पा के स्वागत में सोमवार को पूरा इंदौर आस्था से सराबोर नजर आया। गणेश मंदिरों में भक्तों की कतारें लगी रहीं। खजराना गणेश मंदिर में लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे।हीं बप्पा को मोतीचूर के लड्डुओं का भोग लगाया गया तो कहीं मोदक अर्पित किए।
विस्तार
गणेशोत्सव की धूम इंदौर में सोमवार से शुरू हुई। गणेश मंदिरों में सुबह से भक्तों की भीड़ लगी रही। किसी ने गणपति बप्पा को मोतीचूर के लड्डू, तो किसी ने मोदक का भोग लगाया। खजराना गणेश मंदिर में लाखों लोगों की भीड़ उमड़ी। भक्तों की सुविधा के लिए ट्रैफिक पुलिस के जवान भी पहुंच मार्ग पर तैनात रहे और यातायात बाधित नहीं होने दिया।
शहर के पुराने मोहल्लों से लेकर नई टाउनशिपों तक दस दिन के लिए शुभ मुहूर्त में गणेश स्थापना की गई। पंडालों को सजाने की भी होड़ मची रही।इंदौर में छह सौ से ज्यादा स्थानों पर गणेश पंडाल बनाए गए हैं, जहां दस दिनों तक विभिन्न आयोजन होंगे। इंदौर के खजराना गणेश मंदिर में भक्तों का सुबह से तांता लगा रहा। सात करोड़ रुपए के आभूषणों से गणेशजी और रिद्धि-सिद्धि का श्रृंगार किया गया था। इस बार दस दिन के बजाय मंदिर में 12 दिन तक गणेश स्थापना होगी। हर दिन मंदिर में धार्मिक आयोजन होंगे।
कई लोगों ने गणेश चतुर्थी पर वाहनों की खरीदी भी की और पूजा के लिए गणेश मंदिर पहुंचे। शहर के जूना गणेश मंदिर, प्राचीन खड़े गणेश सहित कई मंदिरों को सोमवार से सजाया गया। बड़ा गणपति मंदिर में भी 101 किलो का भोग भगवान गणेश को लगाया गया। खजराना गणेश मंदिर में एक लाख लड्डुओं का भोग लगाया गया और प्रसाद भक्तों को बांटा गया।
मंदिर परिसर में कार की टक्कर से पेंटर की मौत
खजराना गणेश मंदिर परिसर में काम कर रहे एक पेंटर की कार की टक्कर से मौत हो गई। वह खाना खाने गया था और वापस काम करने के लिए मंदिर की तरफ आ रहा था। तभी कार ने उसे टक्कर मार दी। जिससे गंभीर चोटें आईं। मंदिर में तैनात सुरक्षागार्ड ने पेंटर अरुण नगले को एमवाय अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
