Indore: इंदौर में वोट चोरी मुद्दे पर कांग्रेस का प्रदर्शन, पटवारी बोले-चोरी के वोटों से भाजपा ने बनाई सरकार
सभा के बाद रैली निकाल कर कलेक्टर कार्यालय तक जाने की योजना थी, लेकिन बारिश को देखते हुए मंच से ही ज्ञापन सौंपा गया। प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी ने कहा कि कांग्रेस इस देश की जनता के साथ खड़ी है। अन्याय के खिलाफ हम आवाज उठाते है।
विस्तार
इंदौर में कांग्रेस ने वोट चोरी के मुद्दे पर प्रदर्शन किया। पहले रैली भी निकलना थी, लेकिन बारिश को देखते रैली निकालने का फैसला टाल दिया और सीधे सभा आयोजित की गई। कार्यकर्ता बरसते पानी में हाथों में वोट चोरी वाली तख्तियां लेकर निकले और मंच के सामने खड़े होकर नारेबाजी करने लगे।
मोती तबेला पर हुई सभा में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि इस यात्रा का उद्देश्य देशवासियों के मतदान के अधिकार को सुरक्षित रखना है। वोट चोरी कर भाजपा ने देश और प्रदेश में सरकार बनाई है। यह देश की जनता के साथ अन्याय है। कांग्रेस यह होने नहीं देगी, इसलिए हम जनता को जागरुक करने निकले है। भाजपा के विधायक जजों को फोन लगाते है। उन्हें प्रलोभन देते है। इससे बड़ा प्रमाण और क्या चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अब ब्लाॅक और वार्ड स्तर पर मजबूत करना है। मोहल्ला और पंचायत स्तर पर कमेटियां गठित की जाएगी।
सभा के बाद रैली निकाल कर कलेक्टर कार्यालय तक जाने की योजना थी, लेकिन बारिश को देखते हुए मंच से ही ज्ञापन सौंपा गया। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी ने कहा कि कांग्रेस इस देश की जनता के साथ खड़ी है। अन्याय के खिलाफ हम आवाज उठाते है। मोदी सरकार सच को दबाना चाहती है, लेकिन हम गलत बातों को जनता के सामने लाते रहेंगे।
पटवारी के विरोध में लगे पोस्टर
इंदौर में शहर और जिला कांग्रेस अध्यक्ष के पद पर चिंटू चौकसे और विपिन वानखेड़े को नियुक्त किए जाने से अभी भी कुछ नेता नाराज है। उन्होंने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी का विरोध करते हुए कुछ पोस्टर लगाए थे, जो चर्चा का विषय बने।
