इंदौर: विजय नगर में नौ मकान-दुकानों पर चले बुलड़ोजर, अब चौड़ी होगी सड़क
विजय नगर में बढ़ते ट्रैफिक के दबाव को कम करने के लिए नगर निगम ने सड़क चौड़ीकरण की कार्रवाई तेज कर दी है। शनिवार को रिमूवल गैंग ने 9 निर्माणों के बाधक हिस्से हटाए। रहवासियों की सहमति से हुई कार्रवाई में जेसीबी और 20 से अधिक श्रमिक जुटे रहे।
विस्तार
इंदौर के विजय नगर क्षेत्र में निर्माणाधीन सड़क के लिए शनिवार को नगर निगम की रिमूवल गैंग ने 9 निर्माणों के बाधक हिस्सों को हटा दिया। कार्रवाई के दौरान मौके पर पुलिस बल भी तैनात रहा। हालांकि, रहवासी स्वेच्छा से बाधक हिस्से हटाने के लिए तैयार थे, इसलिए किसी तरह का विवाद नहीं हुआ। जेसीबी और 20 से अधिक श्रमिकों की मदद से मकानों और दुकानों के हिस्से तोड़े गए। अब इस हिस्से में सड़क निर्माण का काम तेजी से हो सकेगा।
विजय नगर क्षेत्र में करीब 40 साल पहले जब बसाहट शुरू हुई थी, तब हाउसिंग बोर्ड ने मिल श्रमिकों के लिए क्वार्टर बनाकर दिए थे। उस समय सड़क का निर्माण भी किया गया था, लेकिन बढ़ते ट्रैफिक के कारण अब यह सड़क संकरी पड़ने लगी है। क्षेत्र में प्रॉपर्टी के दाम भी काफी बढ़ चुके हैं। इस वजह से पहले रहवासी बाधक हिस्सों को हटाने के लिए तैयार नहीं थे। हालांकि, अधिकारियों ने उन्हें समझाया कि मास्टर प्लान में सड़क की जितनी चौड़ाई निर्धारित है, उसके अनुसार निर्माणों के बाधक हिस्से हटाने होंगे।
कुछ दिनों पहले सड़क की नपती कर बाधक निर्माणों पर निशान लगाए गए थे। इसके बाद शनिवार को रिमूवल गैंग मौके पर पहुंची और चिह्नित हिस्सों को हटा दिया। इस सड़क के बनने से मेघदूत गार्डन के सामने वाली मुख्य सड़क पर ट्रैफिक का दबाव कम होगा।
नगर निगम भमोरी से सयाजी चौराहे तक भी चौड़ी सड़क बना रहा है। इसके लिए निर्माणाधीन शॉपिंग मॉल के बेसमेंट का बाधक हिस्सा हटाया गया। इसके अलावा तीन बिल्डिंगों की बाउंड्रीवॉल भी तोड़ी गई। अधिकारियों ने चार महीने में सड़क निर्माण पूरा करने का लक्ष्य रखा है। क्षेत्र में वैकल्पिक मार्ग नहीं होने के कारण लंबे समय से ट्रैफिक जाम की समस्या बनी हुई है।

