इंदौर: महालक्ष्मी मंदिर में लगी आधा किलोमीटर लंबी कतार, पट खुलने से पहले ही भक्त पहुंच गए थे मंदिर
दीपावली के पर्व पर इंदौर के प्राचीन मंदिरों में आस्था और उल्लास का संगम देखने को मिला। राजवाड़ा स्थित महालक्ष्मी मंदिर में दर्शन के लिए भक्तों की लंबी कतार लगी रही। वहीं, अन्नपूर्णा मंदिर में दस लाख रुपये के नोटों से गर्भगृह सजाया गया।
विस्तार
इंदौर के राजवाड़ा स्थित प्राचीन महालक्ष्मी मंदिर में दीपावली और धनतेरस पर सबसे ज्यादा भीड़ रहती है। रविवार सुबह आठ बजे तक मंदिर में आधा किलोमीटर लंबी कतार लग गई थी। मंदिर के पट सुबह पांच बजे खुले थे, लेकिन भक्तों की कतार इससे पहले ही अंधेरे में लगना शुरू हो गई थी।रविवार को सुबह, दोपहर और शाम को महालक्ष्मी का विशेष श्रृंगार किया गया। इस दौरान देवी का स्वर्ण आभूषणों से भी श्रृंगार किया गया। मंदिर रातभर खुला रहेगा।
होलकर राजपरिवार के सदस्य आते थे पूजन करने
यह मंदिर 200 साल से अधिक पुराना है। राजवाड़ा के समीप स्थित इस मंदिर का निर्माण होलकर शासनकाल में हुआ था। दीपावली पर राजपरिवार से जुड़े लोग यहां पूजन करने आते थे। इसके बाद इंदौर की जनता के दर्शन के लिए मंदिर के पट खोले जाते थे।
इस मंदिर के भक्त विदेशों में भी हैं। हर साल श्रद्धालु यहां मन्नत मांगने आते हैं और मनोकामना पूरी होने पर चढ़ावा चढ़ाते हैं। रविवार को दर्शन करने पहुंचे भक्तों के हाथों में मोगरे की मालाएं और कमल के फूल थे।
एक हजार दीपों से जगमगाएगा अन्नपूर्णा मंदिर
शहर के अन्नपूर्णा मंदिर के गर्भगृह को भक्तों ने दस लाख रुपये के नोटों से सजाया है। रविवार को मंदिर में एक हजार दीप जलाए जाएंगे। मंदिर में दोपहर से ही विशेष पूजा शुरू हो गई थी। हजारों भक्तों ने मंदिर पहुंचकर दर्शन किए। शहर के अन्य मंदिरों में भी दीपावली के अवसर पर विशेष आयोजन किए गए।
