Indore: चार किलोमीटर और आगे बढ़ी इंदौर मेट्रो, पहली बार 10 किमी में हुआ ट्रायल रन, अगले साल रेडिसन चौराहे तक
अभी मेट्रो का संचालन छह किलोमीटर हिस्से में ही हो रहा है, लेकिन यह आबादी क्षेत्र नहीं है। इस कारण मेट्रो को अभी ज्यादा यात्री नहीं मिल रहे हैं। शुरुआती दिनों में मेट्रो ट्रेन को देखने के लिए शहरवासियों की भीड़ उमड़ी। अब तक दो लाख से ज्यादा यात्री मेट्रो में सफर कर चुके हैं, लेकिन अब यात्री नहीं मिल रहे हैं।
विस्तार
इंदौर में शुक्रवार सुबह मेट्रो ट्रेन का सफर आगे बढ़ा है। दो साल पहले छह किलोमीटर लंबाई तक इसका ट्रायल रन हुआ था। अब इसके चार किलोमीटर आगे तक ट्रेन को चलाया गया। इस तरह पहली बार मेट्रो का 10 किलोमीटर से ज्यादा का ट्रायल किया गया। आने वाले दिनों में गांधीनगर स्टेशन से पूर्वी रिंग रोड के रेडिसन चौराहे तक मेट्रो का 17 किलोमीटर तक ट्रायल रन होगा।
ये खबर भी पढ़ें: Indore: इंदौर-उज्जैन रोड बस हादसे में चौथी मौत, कांग्रेस का आरोप- विधायक की बस इसलिए पुलिस ने कमजोर केस बनाया
कुमेडी बस स्टेशन के एक किमी पहले से लौटी
शुक्रवार को मेट्रो ट्रेन का ट्रायल रन कुमेडी स्थित एमआर-10 पर बने नए बस अड्डे तक होना था, लेकिन एक किलोमीटर पहले ही ट्रेन फिर लौट गई। पहली बार ट्रेन ने 10 किलोमीटर तक का सफर तय किया। इस कारण ट्रेन की गति 10 किलोमीटर प्रति घंटा रखी गई। अब धीरे-धीरे स्पीड बढ़ाकर ट्रायल रन किया जाएगा। फिलहाल सुरक्षा विशेषज्ञों से चार किलोमीटर तक के रन की अनुमति मिली थी। इससे पहले अफसर 17 किलोमीटर तक ट्राॅली रन भी चार बार कर चुके हैं।
सालभर बाद रेडिसन चौराहे तक होगा संचालन
अभी मेट्रो का संचालन छह किलोमीटर हिस्से में ही हो रहा है, लेकिन यह आबादी क्षेत्र नहीं है। इस कारण मेट्रो को अभी ज्यादा यात्री नहीं मिल रहे हैं। शुरुआती दिनों में मेट्रो ट्रेन को देखने के लिए शहरवासियों की भीड़ उमड़ी। अब तक दो लाख से ज्यादा यात्री मेट्रो में सफर कर चुके हैं, लेकिन अब यात्री नहीं मिल रहे हैं। अगले साल तक मेट्रो का संचालन रेडिसन चौराहे तक करने का लक्ष्य रखा गया है। यहां तक मेट्रो चलेगी तो यात्री संख्या भी बढ़ेगी, क्योंकि विजय नगर, सुखलिया ग्राम व आसपास से सुपर काॅरिडोर की आईटी कंपनियों व काॅलेजों में कर्मचारी व विद्यार्थी आते-जाते हैं। हालांकि, अब पांच से ज्यादा मेट्रो स्टेशनों का काम बाकी है। उसे जल्दी पूरा करने पर जोर दिया जा रहा है।
