Indore News: सांवेर में विद्युत वितरण कंपनी के पावर स्टेशन में लगी आग, घंटों प्रभावित रही बिजली आपूर्ति
इंदौर के सांवेर क्षेत्र स्थित विद्युत वितरण कंपनी के पावर स्टेशन में देर रात भीषण आग लगने से कई डीपी जलकर खाक हो गईं। दमकल विभाग ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट को आग लगने की वजह माना जा रहा है, जबकि घटना से क्षेत्र में कई घंटे बिजली आपूर्ति भी बाधित रही।
विस्तार
इंदौर के सांवेर थाना क्षेत्र स्थित विद्युत वितरण कंपनी के पावर स्टेशन में देर रात अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पावर स्टेशन में मौजूद कई डीपी (ट्रांसफॉर्मर) जलकर खाक हो गईं। घटना की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और करीब 8 से 10 हजार लीटर पानी का उपयोग कर आग पर काबू पाया।
बताया जा रहा है कि जिस समय यह घटना हुई, उस समय इंदौर में बारिश भी हो रही थी, लेकिन आग इतनी भीषण थी कि उसने पावर स्टेशन में मौजूद अन्य डीपी को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटों में कई डीपी जलकर पूरी तरह नष्ट हो गईं।
घटना की सूचना मिलते ही विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारी और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। करीब 2 से 3 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग इतनी भीषण थी कि इसे बुझाने में दमकल विभाग को काफी संघर्ष करना पड़ा। अचानक हुई इस आगजनी के कारण क्षेत्र में कई घंटों तक बिजली आपूर्ति बाधित रही, जिससे रहवासियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। आग की लपटें इतनी ऊंची थीं कि उन्हें 2 से 3 किलोमीटर दूर से भी आसानी से देखा जा सकता था।
शॉर्ट सर्किट की आशंका
प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि किसी डीपी में शॉर्ट सर्किट होने के कारण आग लगी, जिसके बाद यह पूरे पावर स्टेशन में फैल गई। हालांकि, गनीमत रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
ये भी पढ़ें- MP: महाकाल मंदिर में फिर टूटा दान का रिकॉर्ड, इस वर्ष समिति को मिले 144 करोड़ रुपये; जानें कहां से कितने आए?
अधिकारियों के अनुसार, पावर स्टेशन में लगी आग से लाखों रुपये मूल्य की डीपी जलकर नष्ट हो गई हैं, जिससे विद्युत वितरण कंपनी को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच विद्युत वितरण कंपनी द्वारा कराई जाएगी।
