{"_id":"6af7de3f839766aca001107a","slug":"indore-over-300-packs-of-pakistani-gori-beauty-cream-seized-health-alert-raises-kidney-damage-concerns-2026-11-14","type":"story","status":"publish","title_hn":"इंदौर: जानलेवा साबित हो रही पाकिस्तानी ब्यूटी क्रीम, रानीपुरा और छावनी से डेढ़ लाख के प्रतिबंधित पैकेट जब्त","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
इंदौर: जानलेवा साबित हो रही पाकिस्तानी ब्यूटी क्रीम, रानीपुरा और छावनी से डेढ़ लाख के प्रतिबंधित पैकेट जब्त
Sat, 14 Nov 2026 09:36 AM IST
प्रिया वर्मा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, इंदौर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, इंदौर
Published by: प्रिया वर्मा
Updated Sat, 14 Nov 2026 09:36 AM IST
सार
पाकिस्तान में बनी 'गोरी' ब्यूटी क्रीम की अवैध बिक्री के खिलाफ औषधि नियंत्रण विभाग ने 2 ठिकानों पर छापेमारी कर 300 से अधिक पैकेट जब्त किए हैं। क्रीम में तय सीमा से ज्यादा पारा और अन्य जहरीली धातुएं मिलने की आशंका के चलते सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं।
विज्ञापन
पाकिस्तानी ब्यूटी क्रीम
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
पाकिस्तान में बनी 'गोरी' ब्यूटी क्रीम के अवैध कारोबार के खिलाफ इंदौर में बड़ी कार्रवाई सामने आई है। औषधि नियंत्रण विभाग के दल ने शहर के दो प्रमुख व्यापारिक ठिकानों पर छापा मारकर इस प्रतिबंधित क्रीम के 300 से अधिक पैकेट जब्त किए हैं। बाजार में इन पैकेटों की कुल कीमत लगभग डेढ़ लाख रुपये आंकी गई है। अधिकारियों ने जब्त की गई क्रीम के सभी सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं।
विज्ञापन
इंदौर में दो ठिकानों पर छापा
औषधि नियंत्रण विभाग की टीम ने रानीपुरा स्थित द ब्यूटी बार दुकान पर जांच करते हुए क्रीम के कुछ पैकेट जब्त किए। इसके बाद टीम ने छावनी क्षेत्र में स्थित पद्मश्री एजेंसी पर कार्रवाई की। इस दूसरे ठिकाने से मेड इन पाकिस्तान लिखे 300 पैकेट बरामद हुए। उप औषधि नियंत्रक नवनीत प्रताप सिंह ने बताया कि बिना अनुमति बेची जा रही इस क्रीम की पूरी खेप को जब्त कर नमूनों को परीक्षण के लिए लैब भेजा गया है।
विज्ञापन
नागपुर में महिलाओं की बिगड़ी सेहत
इस ब्यूटी क्रीम के प्रयोग से महाराष्ट्र के नागपुर शहर में गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं उत्पन्न हुई थीं। वहां पिछले दो साल के दौरान इस क्रीम का उपयोग करने वाली 18 महिलाओं में किडनी संबंधी गंभीर बीमारी सामने आई थी। महाराष्ट्र के खाद्य एवं औषधि प्रशासन की जांच में क्रीम के भीतर पारे की मात्रा तय मानक से कई गुना अधिक पाई गई थी। अत्यधिक खतरे को देखते हुए विभाग ने क्रीम की बिक्री और इस्तेमाल पर तुरंत रोक लगा दी थी।
विज्ञापन
ये भी पढ़ें: अनूपनगर में दर्दनाक हादसा: मछली पकड़ने गए ग्रामीण की तालाब में डूबने से मौत, सिंघाड़े के पौधों में फंसा शव
आयात प्रतिबंध के बावजूद बिक्री
भारत सरकार ने 2 मई, 2025 को पाकिस्तान में बने या वहां से निर्यात किए गए सभी सामान के सीधे और तीसरे देश के रास्ते आयात तथा पारगमन पर रोक लगा दी थी। इसके बावजूद देश में इस क्रीम की बिक्री जारी रही। सितंबर, 2026 में केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन ने गोरी ब्यूटी क्रीम और चांदनी व्हाइटनिंग क्रीम को लेकर जनस्वास्थ्य अलर्ट जारी किया था।
जांच में सामने आया कि इन दोनों प्रसाधनों को भारत में बिक्री के लिए आवश्यक आयात पंजीकरण प्रमाण पत्र नहीं मिला था। इसके अलावा जांच के दौरान इनमें तय सीमा से अधिक जहरीली भारी धातुएं पाई गई थीं। संगठन ने लोगों को इन्हें न खरीदने और इनका उपयोग तुरंत बंद करने की सलाह दी है। दुकानदारों तथा अन्य संस्थानों को इनकी बिक्री, वितरण और विज्ञापन पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं।

