{"_id":"69dcc6e5192e57645d0f09ee","slug":"guna-news-masked-men-storm-house-hold-elderly-couple-hostage-assault-them-and-flee-with-cash-and-jewellery-2026-04-13","type":"story","status":"publish","title_hn":"Guna News: नकाबपोशों ने घर में घुसकर मचाया आतंक, बुजुर्ग दंपति को बंधक बनाकर की मारपीट, जेवर-नकदी लेकर फरार","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Guna News: नकाबपोशों ने घर में घुसकर मचाया आतंक, बुजुर्ग दंपति को बंधक बनाकर की मारपीट, जेवर-नकदी लेकर फरार
Mon, 13 Apr 2026 04:06 PM IST
गुना ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, गुना
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, गुना
Published by: गुना ब्यूरो
Updated Mon, 13 Apr 2026 04:06 PM IST
सार
देर रात नकाबपोश बदमाशों ने एक घर में घुसकर बुजुर्ग दंपति को बंधक बना लिया और बेरहमी से उनके साथ मारपीट की। इसके बाद बदमाश नगदी-गहनों की लूट कर फरार हो गए।
विज्ञापन
पुलिसकर्मियों के साथ मौजूद एसपी
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
जिले के मृगवास थाना क्षेत्र में रविवार-सोमवार की दरमियानी रात एक सनसनीखेज लूट की वारदात ने इलाके में दहशत फैला दी। बकान्या गांव में रहने वाले बुजुर्ग किसान वैंकटदास बैरागी और उनकी पत्नी मांगी बाई को पांच नकाबपोश बदमाशों ने घर में घुसकर बंधक बना लिया और मारपीट करते हुए नगदी व गहनों की लूट को अंजाम दिया।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार घटना देर रात करीब 1 से 1:30 बजे के बीच की है, जब दंपति खाना खाकर घर में सो रहे थे। इसी दौरान पांच अज्ञात बदमाश घर में घुस आए और दोनों को काबू में कर लिया। बदमाशों ने पहले उन्हें डराया-धमकाया, फिर बेरहमी से मारपीट की। इस दौरान मांगी बाई के चेहरे पर थप्पड़ और घूंसे मारे गए, जिससे उनके मुंह पर गंभीर सूजन आ गई।
विज्ञापन
बदमाशों का निशाना हाल ही में बेची गई कृषि भूमि से मिली रकम थी। दंपति ने कुछ दिन पहले जमीन का प्लॉट बेचकर करीब 6 लाख रुपये प्राप्त किए थे। इसी जानकारी के आधार पर बदमाश उनसे लगातार पैसों के बारे में पूछताछ करते रहे। घबराकर दंपति ने घर में केवल 1 लाख रुपये होने की बात कही। इसके बावजूद बदमाशों को शक बना रहा और उन्होंने दंपति के मोबाइल फोन भी खंगाले, ताकि लेन-देन से जुड़ी जानकारी मिल सके। इसके बाद बदमाश घर में रखी नगदी और सोने-चांदी के गहने लेकर फरार हो गए। जाते-जाते वे घर के बाहर खड़ी कार की चाबी भी साथ ले गए।
विज्ञापन
ये भी पढ़ें: Ratlam News: 67 लाख के डिजिटल अरेस्ट फ्रॉड में निकला रतलाम लिंक, म्यूल अकाउंट से ट्रांजेक्शन, तीन युवक पकड़े
वारदात के बाद बदमाश घर का मुख्य दरवाजा बाहर से बंद कर भाग गए। भय और दर्द से जूझ रहे दंपति ने किसी तरह खुद को आजाद किया और छत पर जाकर शोर मचाया। उनकी आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन तुरंत सक्रिय हुआ। सोमवार सुबह पुलिस अधीक्षक हितिका वासल घटनास्थल पर पहुंचीं और पूरे मामले का जायजा लिया। उन्होंने दंपति से बातचीत कर घटना की जानकारी ली और आसपास के हालात का निरीक्षण किया।
एसपी ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन विशेष टीमें गठित की गई हैं। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में तलाश कर रही है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।
